IPL 2022: आर अश्विन और जोस बटलर ने मांकडिंग विवाद पर जाहिर की अपनी राय
आईपीएल (IPL) 2022 में आर अश्विन और जोस बटलर राजस्थान रॉयल्स (RR) का हिस्सा है।
अद्यतन - Mar 30, 2022 6:17 pm

भारतीय ऑफ-स्पिनर रविचंद्रन अश्विन और इंग्लैंड के विकेटकीपर-बल्लेबाज जोस बटलर का नाम जब भी एक-साथ लिया जाता है, तो सभी को मांकडिंग विवाद झट से याद आ जाता है। मांकडिंग विवाद साल 2019 से क्रिकेट बिरादरी के बीच बहस का हिस्सा रहा है। हालांकि, अब रविचंद्रन अश्विन और जोस बटलर राजस्थान रॉयल्स (RR) फ्रेंचाइजी का हिस्सा है, और जारी इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2022 में एक-साथ खेल रहे है।
आईपीएल (IPL) 2019 में जब पंजाब किंग्स (PBKS) के लिए खेलते हुए आर अश्विन ने जोस बटलर को मांकड़ किया था, तब बहुत बड़ा विवाद खड़ा हो गया था और दोनों दिग्गज आमने-सामने आ गए थे। क्रिकेट जगत में माकंडिंग को लेकर शुरू से ही बहस होती रही है, लेकिन अश्विन -बटलर मामला कुछ ज्यादा लंबा चला।
मांकडिंग को लेकर जोस बटलर पर अश्विन ने दिया बयान
किसी ने कहा मांकडिंग खेल भावना के खिलाफ है, तो वहीं क्रिकेट के कुछ जानकारों का मानना है यह खेल के नियमों के अंतर्गत आता है। खैर, अब MCC ने मांकडिंग को रन-आउट के रूप में पूर्ण मान्यता दें दी है। चूंकि, अब आईपीएल (IPL) 2022 में आर अश्विन और जोस बटलर एक-साथ राजस्थान रॉयल्स (RR) का हिस्सा है, उन्होंने साल 2019 की माकंडिंग घटना को लेकर अपना-अपना मत जाहिर किया है।
आर अश्विन ने टाइम्स ऑफ इंडिया के हवाले से कहा: “(IPL 2018) जब यह घटना हुई तो मुझे लगता है कि जोस बटलर इसे (मांकडिंग) लेकर काफी परेशान थे और बहुत निराश भी थे। उन्हें ऐसा लगा जैसे इससे उनके गौरव को चोट पहुंची है। ऐसा होना सही भी था, क्योंकि आमतौर पर कोई मांकडिंग नहीं करता है। मैं इसे आसानी से समझ सकता हूं।”
उन्होंने आगे कहा: “मांकडिंग(अब रन-आउट) को लेकर दुनिया में स्वीकार्यता बढ़ेगी अथवा नहीं, यह जानने के लिए हमें इंतजार करना होगा और देखना होगा। लेकिन जिस रफ्तार से खेल चल रहा है, व्यावसायिकता बढ़ रही है, और खिलाड़ी जिस तरह खेल को देख समझ रहे हैं, मैं उम्मीद और कामना करता हूं कि इसे बल्लेबाज को आउट करने के एक वैध तरीके के रूप में स्वीकार किया जाएगा। हालांकि, माकंडिंग को इस्तेमाल करना अथवा नहीं करना, यह पूरी तरह निजी फैसला है। इसमें चरित्र हनन जैसी कोई बात नहीं है।”
मांकडिंग पर जोस बटलर की राय
इस बीच, जोस बटलर ने मांकडिंग विवाद पर कहा: “अगर कोई बल्लेबाज गेंद छोड़े जाने तक क्रीज में ही रहता है, तो कोई समस्या नहीं है। अगर आप सिर्फ क्रीज में रहें, तो कोई विवाद ही नहीं होगा। मैं अपने करियर में दो बार इस तरह से आउट हुआ हूं। तो उम्मीद है, मुझे जरूरी सबक मिल गया होगा। कई बार ऐसी भावनाओं को जाहिर करना मुश्किल होता है। आप अपनी टीम के लिए कड़ी मेहनत करते हैं, और आपकी कोशिश टीम के लिए जीत हासिल करने की होती है। जब आप इस तरीके से आउट होते हैं, तो हैरानी होती है, झटका भी लगता है।”
जोस बटलर ने अंत में कहा: “मुझे इस बात से कोई फर्क नहीं पड़ता कि लोग इस घटना के बारे में क्या सोचते हैं। मैं दुर्भावनाएं पालकर रखने वाला इंसान नहीं हूं। मैं आईपीएल (IPL) 2022 को लेकर उत्साहित हूं। मैं अश्विन को अपनी टीम, राजस्थान रॉयल्स (RR), में साथ पाकर उत्साहित हूं। अश्विन ऐसे खिलाड़ी हैं, जो टीम के लिए मैच जीतना चाहते हैं, और मैं इस तरह के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों के साथ खेलना चाहता हूं।”