‘वो कप्तानी में क्या लेकर आएंगे ये तो भगवान ही जानता है’- हार्दिक की कप्तानी पर आकाश चोपड़ा का बयान
हार्दिक पांड्या पहली बार इंडियन प्रीमियर लीग में कप्तानी करते हुए दिखेंगे।
अद्यतन - Mar 20, 2022 10:35 am

आईपीएल 2022 का आगाज होने में अब महज कुछ ही दिन का समय बाकी रह गया है। एक तरफ जहां सभी टीमें सीजन के शुरुआत से पहले प्रैक्टिस में पसीना बहा रहे हैं, वहीं क्रिकेट पंडित सभी दस टीमों की कमजोरी और ताकत के बारे में बता रहे हैं। इसी कड़ी में भारतीय पूर्व सलामी बल्लेबाज आकाश चोपड़ा ने हार्दिक पांड्या को लेकर अपनी राय रखी है।
स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या को इस बार गुजरात टाइटन्स ने अपनी टीम में शामिल कर कप्तानी की जिम्मेदारी सौंपी है। आकाश चोपड़ा ने बताया है कि गुजरात की कप्तानी करने के दौरान उन्हें तीन बड़ी चुनौतियों का सामना करना पड़ेगा। पांड्या IPL 2022 की नीलामी से पहले GT द्वारा चुने गए तीन खिलाड़ियों में से एक थे। हार्दिक ने अब तक आईपीएल में कप्तानी नहीं की है फिर भी गुजरात ने उन्हें अपनी टीम का कप्तान बनाया है।
अपने आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर एक वीडियो में आकाश चोपड़ा ने कहा कि, “हार्दिक पांड्या कप्तानी में क्या लेकर आएंगे ये तो भगवान ही जानता है। वह शानदार खिलाड़ी हैं, मैच विनर हैं, गेम चेंजर है, बॉलिंग-बैटिंग दोनों करेगा मैदान पर भी उर्जा बनाकर रखेगा। हार्दिक वैसा कप्तान हो सकता है जो खुद कहेगा मैं करके दिखाता हूं, मै करेगा तुम सब मुझे फॉलो करो। लेकिन पहली बार कप्तानी करते हुए उनके सामने क्या चुनौतियां हो सकती है।”
आकाश चोपड़ा के मुताबिक कप्तान हार्दिक के सामने यह होगी यह तीन चुनौती
आकाश चोपड़ा ने आगे कहा कि, “जब गुजरात की टीम 2-3 मैच हारेगी तो हार्दिक कैसे फैसले लेंगे। कई बार कप्तान सोचता है कि हम हार ही रहे हैं तो अपने फैसले लेकर हारें, मैं टीम मैनेजमेंट की सोच के साथ ही क्यों हारूं, क्योंकि हादिक इसी तरह के खिलाड़ी हैं। हार्दिक पांड्या द बैटर को नंबर 4 पर खेलना होगा, उन्हें आगे आकर टीम का नेतृत्व करना होगा। वह पीछे रहकर ऐसा नहीं कर सकते। जिस तरह की टीम उनके पास है उसे देखते हुए उन्हें आगे आकर उनको लीड करना होगा।”
वहीं तीसरी चुनौती उनकी गेंदबाजी होगी। उन्होंने कहा कि, बॉलिंग यूनिट – बॉलिंग यूनिट उतनी अच्छी होती है जितना आप उसे अच्छा होने के लिए अनुमति देते हैं। गुजरात के पास अच्छी बॉलिंग यूनिट है अब देखना होगा कि हार्दिक इसका इस्तेमाल कैसे करते हैं।