परिवार और दोस्तों ने निजी अंतिम संस्कार में शेन वॉर्न को दी विदाई
शेन वॉर्न की अंतिम विदाई में ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट के कुछ दिग्गज क्रिकेटर भी शामिल हुए।
अद्यतन - Mar 20, 2022 2:55 pm

ऑस्ट्रेलियाई स्पिन दिग्गज शेन वॉर्न का अंतिम संस्कार रविवार (20 मार्च) को मेलबर्न में हुआ। रिपोर्टों के अनुसार, निजी अंतिम संस्कार में दिवंगत क्रिकेटर के परिवार और करीबी दोस्त मौजूद थे। परिवार के सदस्यों में उनके माता-पिता कीथ और ब्रिगेट के साथ-साथ उनके तीन बच्चे ब्रुक, जैक्सन और समर भी अंतिम संस्कार में शामिल हुए। चार मार्च 2022 को 52 साल की उम्र में एक संदिग्ध दिल का दौरा पड़ने से वॉर्न का निधन हो गया था।
वह थाईलैंड में अपने होटल के कमरे में मृत पाए गए थे, जहां वह अपने दोस्तों के साथ छुट्टियां मना रहे थे। उनके आकस्मिक निधन ने पूरी दुनिया को झकझोर कर रख दिया और इसके बाद क्रिकेट जगत के सभी दिग्गज लेग स्पिनर को अंतिम सम्मान देने के लिए आगे आए।
अंतिम संस्कार के दौरान कई दिग्गज क्रिकेटर भी मौजूद रहे थे
क्रिकेट जगत के सदस्य जो शेन वॉर्न के दोस्त भी थे, इस अवसर पर क्रिकेटर को अलविदा कहने के लिए मौजूद थे। उनमें टीम के पूर्व कप्तान एलन बॉर्डर, मार्क टेलर और माइकल क्लार्क भी इस दौरान मौजूद थे। इंग्लैंड के पूर्व कप्तान माइकल वॉन भी कथित तौर पर उपस्थित थे। अन्य सदस्य जो उपस्थित थे, उनमें मर्व ह्यूजेस और ग्लेन मैकग्रा हैं।
एक हफ्ते पहले ही उनका पार्थिव शरीर थाईलैंड के बैंकाक से मेलबर्न लाया गया था। मेलबर्न क्रिकेट मैदान पर 30 मार्च को राजकीय सम्मान के साथ उन्हें अंतिम विदाई दी जायेगी जिसमें आम जनता को आने की अनुमति होगी।
शेन वॉर्न अभी भी टेस्ट क्रिकेट में 708 विकेट के साथ दूसरे सबसे अधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज बने हुए हैं। साथ ही, वह श्रीलंका के स्पिन दिग्गज मुथैया मुरलीधरन के बाद 1000 से अधिक अंतरराष्ट्रीय विकेट लेने वाले एकमात्र गेंदबाज भी हैं। कुल मिलाकर, अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में उनके नाम 1001 विकेट मौजूद हैं। ‘बॉल ऑफ द सेंचुरी’ भी अब तक शेन वॉर्न के नाम है, यह गेंद उन्होंने मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड में 1993 के एशेज टेस्ट मैच के दौरान इंग्लैंड के बल्लेबाज माइक गैटिंग को डाली थी और उन्हें आउट किया था।