IPL के मीडिया अधिकारों को चार अलग-अलग पैकेजों में बांटा जा सकता है
सूत्र के मुताबिक सभी टेंडर्स को अगले सप्ताह आमंत्रित किया जाएगा।
अद्यतन - मार्च 27, 2022 3:41 अपराह्न

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) की शुरुआत 26 मार्च से हो चुकी है। वहीं IPL 2022 के मिडिया अधिकारों को लेकर 25 मार्च को हुई बैठक में एक नई खबर सामने आ रही है। मिडिया राइट्स टेंडर की बोली जून के दूसरे सप्ताह में होने की संभावना है। इसके अलावा टेंडर्स को चार भागों में बांट दिया जायेगा।
आपको बता दें कि कई ब्रॉडकास्टरों या ओटीटी प्लेटफॉर्मों को बोली लगाने के लिए समूह में एक साथ शामिल होने की अनुमति नहीं दी जाएगी। हालांकि पहले GC डिजिटल और टेलीविजन अधिकारों को अलग-अलग करने पर सहमत हो गया था। वहीं कई पार्टियों को एक ही समय पर खेल के छोटे हिस्से को प्रसारित करने की अनुमति दी जाएगी जिसके लिए अलग पैकेज होगा। वहीं अलग-अलग देशों के लिए विभिन्न पैकेज होंगे।
एक सूत्र द्वारा पैकेज के बारे में क्रिकबज पर बताया गया कि “टेलीविजन अधिकारों के लिए पैकेज A होगा जबकि पैकेज B डिजिटल अधिकारों का गठन करेगा। इसके अलावा पैकेज C एक विशेष श्रेणी के रूप में होगी वहीं पैकेज D बाकी देशों के लिए होगा। स्पष्ट रूप से पैक हैं जो बिक्री के लिए उपलब्ध होंगे और इन चारों भागों के बारे में अगले सप्ताह टेंडर्स को आमंत्रित किये जाने पर बताया जा सकता है।”
टेलीविजन अधिकार 20000 करोड़ रुपए का आंकड़ा पार करेंगे
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) द्वारा उम्मीद जताई जा रही है कि टेलीविजन अधिकार 20000 करोड़ रुपए का आंकड़ा पार कर सकते हैं और यही कारण है कि 40,000 करोड़ रुपये मीडिया अधिकारों का अपेक्षित मूल्य है। इस बात की पुष्टि उद्योग के प्रतिनिधियों द्वारा की गयी है।अगर डिजिटल राइट्स की कीमत की बात करें तो वह भी कुछ हद तक टेलीविजन राइट्स के समान होगी। क्योंकि मौजूदा समय में टेलीविजन की तुलना में डिजिटल का ज्यादा प्रयोग हो रहा है।”
सूत्र के द्वारा यह भी बताया गया कि “पैकेज C का लाभ केवल डिजिटल अधिकारों के लिए लिया जा सकता है। BCCI द्वारा मिडिया अधिकारों पर बोली 12 जून को लगाई जा सकती है।”
BCCI द्वारा पैकेजों की कीमत के बारे में कोई बात नहीं की गयी है, सभी के लिए बोली एक आधार मूल्य से शुरू होगी। अगले सप्ताह टेंडर्स को आमंत्रित करने के लिए दस्तावेज उपलब्ध किया जायेगा उसके बाद सभी चीजें और भी स्पष्ट हो जायेंगी।”