क्या दिन आ गए हैं, बुमराह संजू सैमसन को बल्लेबाजी के टिप्स दे रहे हैं! - क्रिकट्रैकर हिंदी

क्या दिन आ गए हैं, बुमराह संजू सैमसन को बल्लेबाजी के टिप्स दे रहे हैं!

मुंबई इंडियंस का आईपीएल 2022 में अगला मुकाबला राजस्थान रॉयल्स के साथ होगा।

Jasprit Bumrah and Sanju samson (Photo Source: Instagram)
Jasprit Bumrah and Sanju samson (Photo Source: Instagram)

आईपीएल 2022 का 9वां लीग मैच मुंबई इंडियंस और राजस्थान रॉयल्स के बीच खेला जाएगा। इस मैच से पहले मुंबई के तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह राजस्थान के कप्तान संजू सैमसन के साथ हंसी-मजाक करते हुए नजर आए। बुमराह और सैमसन ने भारत के लिए खेलते हुए काफी समय एक साथ बिताया है। अभ्यास सत्र के दौरान, उन्हें एक दूसरे के साथ मजेदार बातचीत करते हुए देखा गया।

दरअसल हाल ही में राजस्थान रॉयल्स ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक वीडियो साझा किया। उस वीडियो में बुमराह कहते हैं कि, “बल्ले पे जसप्रीत बुमराह के स्टिकर होने चाहिए। जो भी स्टिकर है, उस पर मेरा नाम होना चाहिए। भाई बैट से टेस्ट मैच जिताया है।”

यहां देखिए बुमराह का वो वीडियो

आपको बता दें कि, इस वीडियो में जसप्रीत बुमराह ने जिस टेस्ट को याद किया है वो पिछले साल इंग्लैंड के खिलाफ लॉर्ड्स टेस्ट था जहां उन्होंने मोहम्मद शमी के साथ नौवें विकेट की नाबाद 89 रन की साझेदारी की थी। बुमराह ने उस मैच में 64 गेंदों पर 34 रन बनाए थे और भारत की जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।

वहीं, दिल्ली कैपिटल्स से करीबी हार के बाद मुंबई इंडियंस की टीम टूर्नामेंट में अपनी पहली जीत दर्ज करने के लिए बेताब होगी। दिल्ली के खिलाफ मुकाबले में बुमराह की काफी पिटाई हुई थी ऐसे में वो भी अपने प्रदर्शन को बेहतर करने की कोशिश करेंगे। दिल्ली के खिलाफ बुमराह ने अपने 3.2 ओवरों में बिना विकेट लिए 43 रन दिए थे।

वहीं अगर राजस्थान रॉयल्स की बात करें तो उन्होंने इस सीजन अपने अभियान की शुरुआत शानदार अंदाज में की है। टीम के कप्तान संजू सैमसन ने पहले ही मुकाबले में शानदार अर्धशतक लगाया था और उनके अलावा बाकी बल्लेबाज भी फॉर्म में दिखे थे। वहीं पिछले कुछ सीजन के मुकाबले इस सीजन उनकी गेंदबाजी भी काफी मजबूत नजर आ रही है और सीजन के पहले ही मैच में RR के गेंदबाजों ने भी अच्छा प्रदर्शन किया था।

close whatsapp