‘आप फरारी कार हो लेकिन….’ युवा कार्तिक त्यागी को डेल स्टेन ने दी महत्वपूर्ण सलाह
कार्तिक त्यागी को मेगा ऑक्शन में SRH ने 4 करोड़ रुपये में खरीदा था।
अद्यतन - Apr 8, 2022 6:36 pm

सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के तेज गेंदबाज कार्तिक त्यागी हाल ही में टीम के साथ जुड़े और ट्रेनिंग शुरू किया। युवा तेज गेंदबाज अभ्यास सत्र के दौरान गेंदबाजी कोच डेल स्टेन से कुछ दिलचस्प सलाह प्राप्त कर रहे थे। 2020 अंडर-19 विश्व कप के खिलाड़ी को ऑरेंज आर्मी ने 4 करोड़ की कीमत देकर खरीदा था। वह भुवनेश्वर कुमार, टी नटराजन और उमरान मलिक जैसे खिलाड़ियों के साथ खेलते हुए नजर आएंगे।
कार्तिक त्यागी ने राजस्थान रॉयल्स के साथ खेलते हुए अपनी क्षमताओं का प्रदर्शन किया था। वह 140 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से गेंदबाजी करते हुए बल्लेबाजों को चकमा देते हुए नजर आए थे। हाल ही में सनराइजर्स हैदराबाद के सोशल मीडिया अकाउंट पर एक वीडियो साझा किया है जिसमें स्टेन प्रैक्टिस सेशन के दौरान युवा खिलाड़ी से बात करते हुए नजर आ रहे हैं।
उस वीडियो में गेंदबाजी कोच स्टेन 21 वर्षीय कार्तिक को सलाह देते हुए कहते हैं कि, ‘बस धीरे-धीरे। आप फरारी (कार) हैं। आप पहले गियर में टेक ऑफ करें, छठे गियर में नहीं। लेकिन निश्चित रूप से, मैं चाहता हूं कि आप धीरे-धीरे छठे गियर में पहुंचें। SRH के गेंदबाजी कोच के रूप में स्टेन की शुरुआत अच्छी नहीं रही, क्योंकि टीम के गेंदबाजों ने पहले मैच में 210 रन लुटा दिए थे।
यहां देखिए डेल स्टेन और कार्तिक त्यागी का वह वीडियो
अपने टीम के साथ जुड़ने के बाद कार्तिक त्यागी ने कहा कि, “सबसे पहले, मैं पूरी टीम से मिला। मैं कोच डेल से भी मिला, मैं उनके साथ काम करने के लिए उत्साहित था। पहला सेशन थोड़ा थका देने वाला था, टीम में शामिल होने में काफी अच्छा लगा। मैं अपनी दिनचर्या में वापस आने की कोशिश कर रहा हूं। मैंने ज्यादा ओवर फेंकने की कोशिश की, फील्डिंग की कोशिश की। मैं यॉर्कर का अभ्यास कर रहा हूं।’
बात हैदराबाद के आईपीएल 2022 के परफॉर्मेंस की करें तो इस टीम ने इस सीजन दो मुकाबले खेले हैं और दोनों ही बार उन्हें हार का सामना करना पड़ा है। पहला मैच 61 रनों से हारने के बाद हैदराबाद को लखनऊ ने हार का मुंह दिखाया। SRH का अगला मुकाबला अब 9 अप्रैल को चेन्नई सुपर किंग्स से है और यह टीम भी सीजन की पहली जीत ढूंढ रही है।