डेल स्टेन के इस रिकॉर्ड पर है केशव महाराज की नजर! दक्षिण अफ्रीकी गेंदबाज ने दिया बड़ा बयान
वर्तमान में केशव महाराज टेस्ट गेंदबाजों की आईसीसी रैंकिंग में 28वें स्थान पर हैं।
अद्यतन - Apr 13, 2022 5:17 pm

केशव महाराज ने दक्षिण अफ्रीका के लिए टेस्ट क्रिकेट में सर्वकालिक सर्वाधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज बनने के अपने लक्ष्य का खुलासा किया है। फिलहाल, टेस्ट क्रिकेट में एक दक्षिण अफ्रीकी गेंदबाज द्वारा सबसे अधिक विकेट लेने का रिकॉर्ड डेल स्टेन के नाम है, उन्होंने 93 टेस्ट मैचों में 439 विकेट लिए हैं। वहीं, इस लिस्ट में शॉन पोलक 108 टेस्ट मैचों में 421 विकेट के साथ दूसरे स्थान पर हैं।
32-वर्षीय स्पिनर इस समय दक्षिण अफ्रीका के लिए टेस्ट क्रिकेट में सबसे अधिक विकेट वाले गेंदबाजों की सूची में 10वें गेंदबाज हैं, जिन्होंने 42 टेस्ट मैचों में 30.67 के औसत से 150 विकेट चटकाएं हैं, और उन्हें अभी भी शीर्ष पर जाने के लिए एक लंबा रास्ता तय करना है।
डेल स्टेन के रिकॉर्ड पर है केशव महाराज की नजर
हालांकि, केशव महाराज हाल ही में बांग्लादेश के खिलाफ दो मैचों की घरेलू टेस्ट सीरीज जीत में गेंद के साथ शानदार फॉर्म में थे। बाएं-हाथ के स्पिनर ने टेस्ट सीरीज में सर्वाधिक 16 विकेट चटकाए और दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट टीम को बांग्लादेश के खिलाफ 2-0 से सीरीज जीतने में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने चार पारियों में 108 रन भी बटोरे। केशव महाराज को उनके ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द सीरीज पुरस्कार से नवाजा गया।
वर्तमान में केशव महाराज टेस्ट गेंदबाजों की आईसीसी रैंकिंग में 28वें स्थान पर हैं, और उन्होंने खुलासा किया कि उनका अल्पकालिक लक्ष्य दुनिया का नंबर वन टेस्ट गेंदबाज बनना है, और टेस्ट शतक लगाना है। इसके अलावा, वह दक्षिण अफ्रीका के सर्वकालिक अग्रणी विकेट लेने वाले गेंदबाज भी बनना चाहते है।
केशव महाराज ने स्पोर्ट्सक्लब पत्रिका से कहा: “अल्पकालिक लक्ष्य, मैं बस दिन-ब-दिन सुधार करना चाहता हूं। मैं दुनिया का नंबर 1 टेस्ट गेंदबाज बनना पसंद करूंगा और मैं एक बल्लेबाज के रूप में टेस्ट शतक लगाना चाहता हूं। जहां तक टीम का सवाल है, तो मैं प्रोटियाज को टेस्ट क्रिकेट में दुनिया में नंबर 1 स्थान पर लाने में मदद करना चाहता हूं; मुझे लगता है कि यह हम में से बहुतो के करियर का शिखर होगा। अगर दीर्घकालिक लक्ष्यों की बात करे तो, मैं टेस्ट क्रिकेट में दक्षिण अफ्रीका का सर्वकालिक अग्रणी विकेट लेने वाला गेंदबाज बनना पसंद करूंगा, और अपनी टीम को सभी प्रारूपों में ट्रॉफी जीतने में मदद करूंगा।”