एबी डिविलियर्स आपको आरसीबी के लिए मैच खत्म करते देख गर्व महसूस करेंगे- विराट कोहली - क्रिकट्रैकर हिंदी

एबी डिविलियर्स आपको आरसीबी के लिए मैच खत्म करते देख गर्व महसूस करेंगे- विराट कोहली

दिनेश कार्तिक आईपीएल 2022 में जबरदस्त फॉर्म में नजर आ रहे हैं।

Virat Kohli & Dinesh Karthik (Photo Source: Twitter)
Virat Kohli & Dinesh Karthik (Photo Source: Twitter)

दिनेश कार्तिक चल रहे इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2022 में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर रहे हैं, इस सीजन उन्होंने अच्छे से अच्छे गेंदबाजों को खुद के सामने घुटने टेकने के लिए मजबूर किया हैं। शनिवार (16 अप्रैल) को रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (आरसीबी) के विकेटकीपर-बल्लेबाज ने दिल्ली कैपिटल्स के गेंदबाजों की जमकर धज्जियां उड़ाई और सिर्फ 34 गेंदों में नाबाद 66 रन बनाकर नाबाद लौटे।

दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मैच खत्म होने के बाद, कार्तिक का इंटरव्यू किसी और ने नहीं बल्कि विराट कोहली ने किया। आरसीबी के पूर्व कप्तान ने अनुभवी विकेटकीपर-बल्लेबाज की जमकर प्रशंसा की, उन्हें आरसीबी के लिए ‘मैन ऑफ द आईपीएल’ कहा। कोहली ने यहां तक ​​कहा कि एबी डिविलियर्स को कार्तिक के धमाकेदार प्रदर्शन पर गर्व होगा।

विराट कोहली ने जमकर की दिनेश कार्तिक की तारीफ

इंटरव्यू के दौरान विराट कोहली ने कार्तिक से कहा कि, “ये अद्भुत रहा है। मैं ये भी नहीं कहूंगा कि ‘ये लंबे समय तक जारी रह सकता है’ क्योंकि ये होगा ही और आप सही मानसिक स्पेस में हैं और मैं इसे देख सकता हूं। आपको फिर से बल्लेबाजी करते देखना एक सम्मान की बात थी। हमें जीत दिलाने के लिए धन्यवाद।”

उन्होंने आगे कहा कि, “आपने एबी का जिक्र किया और मुझे लगता है कि एबी प्रिटोरिया में अपने घर पर बैठकर आपको हमारे लिए मैच खत्म करते और टीम को लाइन पार कराते हुए देखकर बहुत गर्व महसूस कर रहे होंगे।” RCB के पूर्व कप्तान ने यह भी कहा, “मैं बहुत खुश हूं कि डीके अपने लक्ष्यों के साथ इतना स्पष्ट है। मैं निश्चित रूप से आपको बता सकता हूं कि आपने एक बहुत मजबूत दावेदारी पेश किया है, न केवल आरसीबी के लिए, बल्कि मुझे यकीन है कि बहुत से लोग उच्चतम स्तर पर भी नोटिस कर रहे हैं।”

केकेआर के पूर्व कप्तान कार्तिक पिछले कुछ समय से अपनी बेस्ट फॉर्म में नहीं चल रहे थे। उन्होंने आईपीएल के पिछले सीजन में 17 मुकाबले खेलकर 223 रन बनाए थे लेकिन आरसीबी ने तमिलनाडु के इस बल्लेबाज पर भरोसा जताया और 5.5 करोड़ की अच्छी कीमत में उनको खरीद लिया। कार्तिक आरसीबी के लिए इस सीजन शानदार फॉर्म में हैं, पहले ही कुछ मौकों पर फिनिशर की भूमिका को पूर्णता के साथ अंजाम दे चुके हैं।

close whatsapp