अपनी बेटी और पत्नी रितिका के साथ लंदन के वाटरपार्क में मस्ती करते दिखे हिटमैन
वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए रोहित शर्मा को दिया गया है आराम।
अद्यतन - Jul 20, 2022 2:55 pm

टीम इंडिया के कप्तान रोहित शर्मा को हाल ही में अपनी पत्नी रितिका सजदेह और बेटी समायरा के साथ क्वालिटी टाइम बिताते हुए देखा गया। दाएं हाथ के बल्लेबाज को आखिरी बार इंग्लैंड के खिलाफ हाल ही में समाप्त हुई तीन मैचों की एकदिवसीय सीरीज के दौरान एक्शन में देखा गया था। हालांकि रोहित वनडे सीरीज में पहले मैच को छोड़कर, बाकी के दो मैचों में कुछ खास कमाल नहीं कर पाए थे।
इंग्लैंड के एक व्यस्त दौरे के बाद रोहित ने फिलहाल क्रिकेट से कुछ दिनों का ब्रेक लिया है। उन्हें इंग्लैंड के एक वाटर पार्क में अपनी पत्नी और बेटी के साथ मस्ती करते हुए देखा गया। इसकी तस्वीरें उन्होंने अपने इंस्टाग्राम स्टोरी पर साझा की।
यहां देखिए रोहित शर्मा का वो इंस्टाग्राम स्टोरी

इस बीच रोहित को वेस्टइंडीज के खिलाफ आगामी तीन मैचों की एकदिवसीय सीरीज से आराम दिया गया है, जो 22 जुलाई से शुरू हो रही है। दूसरा और तीसरा वनडे 24 और 27 जुलाई को खेला जाएगा। वनडे सीरीज के तीनों मुकाबले पोर्ट ऑफ स्पेन, क्वींस पार्क ओवल, त्रिनिदाद और टोबैगो में खेले जाएंगे।
विराट कोहली, जसप्रीत बुमराह, ऋषभ पंत और हार्दिक पांड्या को भी वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज से आराम दिया गया है। रोहित की गैरमौजूदगी में अनुभवी सलामी बल्लेबाज शिखर धवन टीम की कमान संभालेंगे। वहीं ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा को वनडे सीरीज के लिए उप-कप्तान नियुक्त किया गया है।
वेस्टइंडीज के खिलाफ टी-20 सीरीज में कप्तानी करते हुए नजर आएंगे रोहित
वहीं पांच मैचों की टी-20 सीरीज के लिए रोहित शर्मा को कप्तान नियुक्त किया गया है। हालांकि कोहली और बुमराह को टी-20 सीरीज से भी आराम दिया गया है। भारत 29 जुलाई को सीरीज का पहला टी-20 मैच त्रिनिदाद में खेलेगा। अगले दो मैच सेंट किट्स एंड नेविस में खेले जाएंगे। फिर अंतिम दो टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों के लिए दोनों टीमें फ्लोरिडा, यूएसए के लिए रवाना होंगी।