‘पंत ने आपा खोया, आमरे भी जज्बाती हो गए’- नो बॉल विवाद पर रिकी पोंटिंग का बयान
राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ हुए मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स को आखिरी ओवर में हार मिली थी।
अद्यतन - Apr 29, 2022 3:39 pm

महज कुछ दिनों पहली की यह बात है जब दिल्ली कैपिटल्स की टीम ने राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ मैच में नो बॉल के लिए काफी बड़ा विवाद खड़ा किया था। यह सारा विवाद उस वक्त खड़ा हुआ जब ओबेद मैकॉय की हाई फुल-टॉस गेंदबाजी थी जिसे ऑन-फील्ड अंपायरों द्वारा नो-बॉल नहीं घोषित किया गया था। अंपायर के उस फैसले को देखकर ऋषभ पंत गुस्से से आग बबूला हो गए और फिर उन्होंने अपने खिलाड़ियों को मैदान से वापस बुलाने का भी इशारा किया।
इस बीच दिल्ली टीम के मुख्य कोच रिकी पोंटिंग ने अपनी टीम के सदस्यों द्वारा उस नो बॉल विवाद के दौरान मैदान पर की गई हरकतों की आलोचना की है। उन्होंने उस नो बॉल से जुड़ी सभी हरकतों को गलत बताया और कहा कि अंपायरों की कॉल गलत होने पर भी उनसे निपटने का एक तरीका होता है। मामला उस वक्त और खराब गया जब सहायक कोच प्रवीण आमरे मैदान पर दौड़ पड़े और अंपायरों से तीखी बहस करने लगे।
नो बॉल विवाद पर अब रिकी पोंटिंग ने दिया बड़ा बयान
स्टार स्पोर्ट्स से बातचीत के दौरान रिकी पोंटिंग ने कहा कि, “यह सब गलत था, इसके बारे में सब कुछ गलत था। अंपायर गलत था लेकिन आपको इसके साथ आगे बढ़ना होगा। हमारे खिलाड़ियों ने क्या किया और हमारे सहायक कोच को मैदान पर चलाने के लिए, यह ऐसा कुछ भी नहीं है जिससे हम खुश हों या जिस पर हमें गर्व हो। मैंने खिलाड़ियों से इस बारे में बात की है।”
हालांकि पोंटिंग ने कहा कि दिल्ली कैपिटल्स के खेमे ने पिछले कुछ हफ्ते बहुत मुश्किल समय में गुजारे हैं। टीम के पास कोविड केस थे, लोगों को होटल रूम में लॉक कर दिया गया था, जिससे ऐसा माहौल पैदा हुआ कि किसी को भी गुस्सा आसानी से आ जाए। ऊपर से वह एक नजदीकी मुकाबला भी था जिसने उस तरह की प्रतिक्रिया को देने का काम किया।
वैसे दिल्ली कैपिटल्स की टीम ने उस घटना के बाद बहुत अच्छी शुरुआत की है क्योंकि उन्होंने आखिरी मुकाबले में केकेआर की टीम को 4 विकेट से मात देने में कामयाबी हासिल की। अब दिल्ली अंक तालिका में 8 अंकों के साथ छठे स्थान पर है और उनकी नजरें आने वाले कुछ मुकाबलों में लगातार जीत दर्ज करने पर होंगी।