संजू सैमसन को याद आया वो दिन, जब उन्होंने तोड़ा था अपना फेवरेट बल्ला
बीच में मुझे लगा कि क्रिकेट छोड़ दूं और वापस अपने घर चला जाऊं: संजू सैमसन
अद्यतन - May 3, 2022 6:11 pm

भारतीय विकेटकीपर और राजस्थान रॉयल्स (RR) के कप्तान संजू सैमसन इन्हें साल 2013 में इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में डेब्यू किया था। साल 2013 और 2014 संजू के लिए काफी अच्छे साबित हुए और 2015 के जिम्बाब्वे दौरे पर उनको चयनकर्ताओं ने भारतीय टीम में शामिल किया। हालांकि अपने प्रदर्शन की वजह से वह अपनी जगह पक्की नहीं कर पाए।
हाल ही में एक इंटरव्यू के दौरान संजू ने बताया कि जब उन्होंने भारतीय टीम के लिए डेब्यू किया था तब उनकी उम्र 20 साल थी। लेकिन लगातार रन ना बनाने के कारण वो टीम में ज्यादा समय के लिए नहीं खेल सकें। लेकिन 25 साल की उम्र में उन्होंने अपने प्रदर्शन से चयनकर्ताओं को फिर भारतीय टीम में लेने को मजबूर कर दिया। उन्होंने बताया कि यह 5 साल उनकी जिंदगी के सबसे मुश्किल रहे हैं। यही नहीं इस दौरान उन्हें केरला टीम से भी निकाल दिया गया था।
यूट्यूब पर शो ‘ब्रेकफास्ट विद चैंपियंस’ में संजू ने बताया कि, जब मैं पहली बार भारतीय टीम के लिए चयनित हुआ था तब मेरी उम्र 19-20 थी और जब मैं दुबारा चयनित हुआ तब मैं 25 साल का था। इन 5 सालों में मैंने बहुत मुश्किलें सही हैं। बीच में मुझे लगा कि क्रिकेट छोड़ दूं और वापस अपने घर चला जाऊं। अगर आप अपने बुरे फॉर्म से जूझ रहे होते हैं तो ऐसी सोच आना लाजमी है।
फेवरेट बैट तोड़ने की कहानी
संजू ने बताया कि उन 5 सालों में मेरा फॉर्म काफी खराब था। मैं बहुत जल्दी और कम स्कोर पर आउट हो जा रहा था। ऐसा ही एक मुकाबला हुआ मुंबई के ब्रेबोर्न स्टेडियम में। मैं बल्लेबाजी करने उतरा और जल्दी आउट हो गया। मुझे समझ नहीं आ रहा था कि अब क्या करना है। बस मन हुआ क्रिकेट छोड़ो और वापस घर चलो।
गुस्से में मैंने अपना बैट इतनी जोर से फेंका की वो टूट गया। मैं स्टेडियम से निकला और थोड़ी देर के लिए मरीन ड्राइव में जाकर बैठ गया। वहां दो-चार घंटे बैठने के बाद रात में मैं वापस पहुंचा और अपने बैट को देखने लगा जो टूट गया था। मुझे बहुत ही बुरा लगा और बस यही सोचा कि काश मैंने यह बैट तकिए पर फेंका होता।