‘वो भविष्य में भारत के ऑल फॉर्मेट खिलाड़ी बन सकते हैं’- तिलक वर्मा की तारीफ में पूर्व भारतीय कप्तान का बयान
तिलक वर्मा ने इस सीजन मुंबई इंडियंस के लिए किया है बेहतरीन प्रदर्शन।
अद्यतन - मई 17, 2022 9:04 अपराह्न
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2022 में मुंबई इंडियंस (MI) का प्रदर्शन काफी निराशाजनक रहा है। अभी तक उन्होंने 12 मुकाबले खेले हैं जिसमें उन्होंने सिर्फ 3 में जीत दर्ज की है। यही नहीं उन्होंने इस साल अपने नाम एक शर्मनाक रिकॉर्ड भी दर्ज किया है। मुंबई इंडियंस आईपीएल इतिहास की पहली ऐसी टीम है जिन्होंने अपने पहले 8 मुकाबले गंवाए हैं। 5 बार की चैंपियन मुंबई इस साल अपनी लय में नहीं दिखी है। लेकिन उन्होंने इस साल तिलक वर्मा के रूप में भारत को एक नया उभरता हुआ सितारा दिया है।
तिलक वर्मा ने इस संस्करण में अब तक कमाल का प्रदर्शन किया है। उन्होंने मुंबई इंडियंस के लिए लगातार रन बनाए हैं। उनके प्रदर्शन को लेकर भारत के पूर्व क्रिकेटर सुनील गावस्कर ने बड़ा बयान दिया है। सुनील गावस्कर की मानें तो आने वाले समय में तिलक वर्मा भारत के ऑल फॉर्मेट बल्लेबाज बन सकते हैं। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि, तिलक के पास वो सभी तकनीक हैं जो उनको एक बेहतरीन बल्लेबाज बना सकता है।
उनके पास सभी प्रकार के शॉट्स खेलने की क्षमता है: सुनील गावस्कर
इंडियन एक्सप्रेस के हवाले से सुनील गावस्कर ने कहा कि, “रोहित शर्मा ने ठीक ही कहा कि वह भारत के लिए एक ऑल-फॉर्मेट खिलाड़ी बन सकते हैं। इसलिए अब यह उन पर निर्भर करता है कि वह थोड़ा अतिरिक्त काम करें और अपनी फिटनेस को आगे बढ़ाएं। जहां तक तकनीक का सवाल है तो थोड़ा सख्त हो जाएं और रोहित को सही साबित करें।”
उन्होंने आगे कहा कि, “तिलक तकनीकी रूप से सही हैं। वो गेंद की लाइन के ठीक पीछे जाते हैं। वो सीधे बल्ले से खेलते हैं और फ्रंट फुट पर डिफेन्स करने के दौरान पैड उनके बल्ले के करीब होता है। इसलिए उसके सभी बेसिक्स सही हैं। मुझे उम्मीद है कि वह आगे बढ़ेगा।”
तिलक वर्मा ने चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के खिलाफ 32 गेंदों में 34 रन की नाबाद पारी खेली थी, जिस वजह से मुंबई ने चेन्नई पर 5 विकेट से जीत दर्ज की। तिलक वर्मा ने 12 मुकाबलों में 132.85 के स्ट्राइक रेट से 368 रन बनाए हैं। उनके नाम इस साल 2 अर्धशतक भी है। मुंबई चाहेगी कि उनका यह फॉर्म आने वाले मैचों में भी बरकरार रहे।