IPL 2022: फाइनल मैच के वक्त में हुआ बदलाव, शाम 7.30 बजे नहीं शुरू होगा मुकाबला
आईपीएल 2022 का फाइनल 29 मई को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा।
अद्यतन - मई 19, 2022 3:53 अपराह्न

इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2022 का लीग स्टेज अब अपने अंतिम पड़ाव पर पहुंच चुका है, इस सीजन का फ़ाइनल मैच जो 29 मई, रविवार को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा उसको लेकर एक बड़ी खबर सामने आई है। बताया जा रहा है कि इस सीजन का फाइनल मैच के समय में बड़ा बदलाव किया गया है।
क्रिकबज के मुताबिक आईपीएल 2022 का फाइनल शाम 7:30 बजे के बजाय सामान्य रूप से 8 बजे शुरू होगा। मौजूदा समय में, सभी शाम वाले सभी मुकाबले शाम 7:30 बजे से शुरू होते हैं। हालांकि, बीसीसीआई ने फाइनल के समय को बदलने का फैसला किया है क्योंकि इसी दिन आईपीएल के समापन समारोह का भी आयोजन किया जाएगा।
इसके साथ ही बीसीसीआई और आईपीएल अधिकारियों से यह भी पता चला है कि, समापन समारोह, जिसमें बॉलीवुड हस्तियां शामिल हैं, शाम 6:30 बजे शुरू होने वाला है और यह 50 मिनट तक चलेगा। टॉस शाम 7:30 बजे होगा और मैच उसके ठीक 30 मिनट बाद शुरू होगा।
कोलकाता और अहमदाबाद में खेले जाएंगे आईपीएल 2022 के प्लेऑफ मुकाबले
आपको बता दें कि इस बार आईपीएल के सभी लीग मुकाबले मुंबई-पुणे में खेले गए हैं, लेकिन प्लेऑफ के सभी मैच कोलकाता और अहमदाबाद में खेले जाएंगे। अहमदाबाद में एलिमिनेटर और फाइनल मुकाबला होगा, जिसके लिए अभी से ही तैयारियां जोर-शोर से की जा रही हैं। अहमदाबाद का नरेंद्र मोदी स्टेडियम जो दुनिया का सबसे बड़ा क्रिकेट स्टेडियम है वहां फाइनल मैच देखने के लिए लाखों लोगों के पहुंचने की उम्मीद है।
इस सीजन लखनऊ सुपर जायंट्स और गुजरात टाइटंस ने पहले ही आईपीएल 2022 के प्लेऑफ में अपनी जगह बना ली है। वहीं बाकी के दो जगह के लिए दिल्ली कैपिटल्स, रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर और राजस्थान रॉयल्स के बीच लड़ाई जारी है।
इस बीच खबर ये भी आई है कि, बीसीसीआई आईपीएल मैचों की टाइमिंग को लेकर अहम फैसला ले सकता है। अगले सीजन से दोपहर में खेले जाने वाले मैच 3.30 की बजाय 4.00 बजे और शाम को होने वाले मैच 7.30 की बजाय रात 8.00 बजे से शुरू हो सकते हैं।