‘मैं इसे टेस्ट करियर की तरह नहीं देखता’ एशेज सीरीज से पहले टेस्ट क्रिकेट में वापसी पर बोले मोईन अली
16 जून से शुरू हो रही है एशेज टेस्ट सीरीज
अद्यतन - Jun 14, 2023 1:35 pm

इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के बीच बहुप्रतीक्षित एशेज टेस्ट सीरीज 2023 का इंतजार अब खत्म हो गया है। गौरतलब है कि दोनों टीमों के बीच सीरीज का पहला मैच 16 जून को बर्मिंघम में खेला जाएगा। हालांकि, इस सीरीज के शुरू होने से पहले इंग्लिश स्पिनर जैक लीच पीठ की समस्या के चलते इस सीरीज से बाहर हो गए थे।
तो वहीं जैक लीच की जगह इंग्लिश टीम मैनेजमेंट ने टेस्ट क्रिकेट से रिटायरमेंट ले चुके मोईन अली को जैक के रिप्लेसमेंट के तौर पर अपनी टीम में शामिल किया था। लेकिन अब मोईन अली ने टेस्ट क्रिकेट में अपनी वापसी को लेकर बड़ा बयान दिया है। अली कहना है कि वह इस वापसी को टेस्ट करियर की तरह नहीं देखते हैं।
मोईन अली ने दिया बड़ा बयान
बता दें कि एशेज टेस्ट सीरीज के शुरू होने से पहले मोईन अली ने ईएसपीएन क्रिकइंफो के एक कोट के अनुसार कहा- फैक्ट ये है कि एशेज बहुत बड़ी सीरीज है और टीम में शामिल लोग रोमांचक क्रिकेट खेल रहे हैं। यह कुछ ऐसा समय है, जिसे मैंने काफी पंसद किया, जब मैं पहले खेलता था। इसका हिस्सा बनना मेरे लिए अद्भुत होगा।
जब मैंने रिटायरमेंट लिया तो मैं उस समय टेस्ट क्रिकेट को अलविदा कह चुका था, वह मेरे लिए खेल का अंत था। लेकिन दुर्भाग्यवश लीची (जैक लीच) की चोट का मलतब था कि मुझे स्टोक्सी (बेन स्टोक्स), बाज (ब्रेंडन मैकुलम) और कीसी (राॅब की) से मैसेज मिला। देखते हैं आगे क्या होता है।
अली ने आगे कहा- मैं इसे टेस्ट करियर की तरह नहीं देखता। यह फ्री हिट है। मैं अपनी जगह के लिए नहीं खेल रहा हूं। सच कहूं तो कोई दबाव नहीं है। लेकिन मैंने ब्रेंडन मैकुलम से बात की और उन्होंने कहा है कि उन्हें इस बात की कोई चिंता नहीं है कि मैं कैसा प्रदर्शन करता हूं। यह मेरे लिए काफी अच्छा है। मैं टीम में व्यक्तिगत तौर पर अच्छा प्रदर्शन करना चाहता हूं और टीम को मैच जिताने में योगदान देना चाहता हूं।