होटल भी बुक था, शादी की तारीख भी तय थी और फिर आ गया RCB का बुलावा, रजत पाटीदार का खास किस्सा
रजत पाटीदार की 112 रनों की नाबाद शतकीय पारी ने एलिमिनेटर मुकाबले में आरसीबी की जीत में अहम भूमिका निभाई।
अद्यतन - मई 27, 2022 6:07 अपराह्न

लखनऊ और बैंगलोर के बीच खेले गए एलिमिनेटर मुकाबले में रजत पाटीदार ने शानदार शतकीय पारी खेलकर सबका ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया। पाटीदार की तूफानी पारी की बदौलत बैंगलोर क्वालीफायर-2 तक पहुंचने में कामयाब रही। कोहली, मैक्सवेल, फाफ डु प्लेसीस जैसे खिलाड़ी एलिमिनेटर मुकाबले में आउट हो गए तब तीसरे नंबर पर आए पाटीदार ने 114 रन की ताबड़तोड़ पारी खेली।
आपको बता दें कि ये खिलाड़ी आईपीएल में अनसोल्ड रहा था। इसके बाद लवनीथ सिसोदिया के चोटिल होने के बाद रजत पाटीदार को उनके रिप्लेसमेंट के रूप में 20 लाख रूपये के बेस प्राइस में आरसीबी ने अपनी टीम में शामिल किया था। एलिमिनेटर मुकाबले में शतक जड़ने के बाद सुर्खियां बटोरने वाले रजत पाटीदार को लेकर अब उनके पिता ने बड़ा खुलासा किया है।
9 मई को शादी करने वाले थे रजत पाटीदार
द न्यू इंडियन एक्सप्रेस के हवाले से रजत पाटीदार के पिता मनोहर पाटीदार ने कहा कि, “वह 9 मई को शादी करने वाला था। यह एक छोटा सा समारोह होना था और इसके लिए मैंने इंदौर में एक होटल भी बुक कर लिया था।” पाटीदार अब रणजी ट्रॉफी नॉकआउट चरण में मध्यप्रदेश टीम के साथ अपनी प्रतिबद्धताओं को पूरा करने के बाद जुलाई में शादी के बंधन में बंधेंगे।
इसको लेकर उनके पिता ने कहा कि, “शादी का कार्यक्रम ज्यादा बड़ा नहीं होगा। इसलिए हमने निमंत्रण कार्ड भी नहीं छपवाए। हम लोगो ने सीमित मेहमानों के लिए एक होटल बुक किया है, क्योंकि हम जुलाई में समारोह आयोजित करने की योजना बना रहे हैं।”
पाटीदार, जिन्होंने नंबर 3 पर बल्लेबाजी करते हुए अपनी फ्री-फ्लोइंग स्ट्रोकप्ले से सभी को प्रभावित किया है, उन्होंने आईपीएल 2021 में बैंगलोर के लिए कुल चार मैच खेले और 71 रन बनाए और फ्रेंचाइजी द्वारा उन्हें रिटेन नहीं किया गया था। लेकिन उन्होंने इस सीजन में अब तक सात मैचों में 275 रन बनाए हैं।