रियान पराग ने वर्तमान सीजन में बेहतरीन फील्डिंग की है: लसिथ मलिंगा
पिछले 15 मुकाबलों में रियान पराग ने जबरदस्त फील्डिंग की है और मुझे भी देखने में काफी मज़ा आया है: लसिथ मलिंगा
अद्यतन - May 29, 2022 7:42 pm

श्रीलंका के पूर्व धाकड़ गेंदबाज और इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2022 में राजस्थान रॉयल्स (RR) के गेंदबाजी कोच लसिथ मलिंगा ने युवा ऑलराउंडर रियान पराग की फील्डिंग की खूब प्रशंसा की है। उनकी माने तो पराग ने इस सीजन में बेहतरीन फील्डिंग की है और कई रन अपनी टीम के लिए बचाए हैं।
बता दें, रियान पराग ने इस सीजन में 16 कैच पकड़े हैं और उन्होंने रवींद्र जडेजा के रिकॉर्ड (विकेटकीपर को हटाकर) को तोड़ दिया है। जडेजा ने इससे पहले एक सीजन में 13 कैच लेने का रिकॉर्ड बनाया था। ये रिकॉर्ड उन्होंने पहले 2015 में और उसके बाद 2021 में बनाया था।
रियान पराग अपनी फील्डिंग की वजह से हमेशा मुकाबले में रहते हैं: लसिथ मलिंगा
राजस्थान रॉयल्स के इंस्टाग्राम अकाउंट से एक वीडियो पोस्ट हुई है जिसमें मलिंगा कहते हुए नजर आ रहे हैं कि, पिछले 15 मुकाबलों में रियान पराग ने जबरदस्त फील्डिंग की है और मुझे भी देखने में काफी मज़ा आया है। उनके पास काफी ऊर्जा है और वह बहुत एथलेटिक भी हैं। हम सबको मालूम है कि उनको बल्लेबाजी ज्यादा नहीं मिलती लेकिन अपनी फील्डिंग की वजह से वह हमेशा मुकाबले में रहते हैं। मैं उनके प्रदर्शन से काफी खुश हूं। यही रवैया हमें टीम में चाहिए।
16 पारियों में 13 में पराग ने बल्लेबाजी की है जिसमें उन्होंने 16.80 के औसत और 143.89 के स्ट्राइक रेट से 168 रन बनाए हैं। उन्होंने आरसीबी के खिलाफ 31 गेंदों में 56 रन की नाबाद पारी खेली थी जो उनके इस सीजन का सर्वाधिक स्कोर रहा।
रियान पराग को राजस्थान रॉयल्स ने 2019 में 20 लाख रुपए में अपनी टीम में शामिल किया था। बाद में उनको टीम से हटा दिया गया लेकिन 2022 के मेगा ऑक्शन में टीम ने उनको 3.80 करोड़ रुपए में अपनी टीम में दोबारा शामिल किया।
क्वालिफायर-2 में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) को हराने के बाद राजस्थान का फाइनल मुकाबला गुजरात टाइटंस के खिलाफ है। दोनों ही टीमें ही मुकाबले के लिए पूरी तरह से तैयार है। ये मुकाबला अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा। अब देखना ये होगा कि इस सीजन की ट्रॉफी किस टीम के हाथ लगती है।