नाइल ओ’ब्रायन ने चुनी अपनी सर्वश्रेष्ठ आईपीएल 2022 इलेवन
नाइल ओ'ब्रायन रजत पाटीदार और उमरान मलिक से बेहद प्रभावित है।
अद्यतन - May 30, 2022 4:35 pm

आईपीएल 2022 (IPL 2022) का फाइनल गुजरात टाइटन्स (GT) और राजस्थान रॉयल्स (RR) के बीच 29 मई को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला गया। इस एकतरफा मुकाबले में गुजरात टाइटन्स (GT) ने राजस्थान रॉयल्स (RR) को 7 विकेट से मात देकर अपना पहला खिताब जीता, जिसके साथ ही इस सीजन का समापन हुआ।
एक तरह से देखा जाए तो आईपीएल 2022 (IPL 2022) युवा खिलाड़ियों के लिए रहा, क्योंकि इस सीजन में कई युवा, खासकर भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सभी को प्रभावित किया। इस बीच, आयरलैंड के पूर्व क्रिकेटर नाइल ओ’ब्रायन ने आईपीएल 2022 (IPL 2022) की अपनी सर्वश्रेष्ठ इलेवन चुनी है।
नाइल ओ’ब्रायन ने आईपीएल 2022 की अपनी सर्वश्रेष्ठ इलेवन चुनी
Sky247.net द्वारा संचालित क्रिकट्रैकर के ‘नॉट जस्ट क्रिकेट’ शो पर बात करते हुए, नाइल ओ’ब्रायन ने कहा उन्होंने आईपीएल 2022 (IPL 2022) में भारतीय खिलाड़ियों के बेहतर प्रदर्शन के कारण अपनी सर्वश्रेष्ठ इलेवन में केवल तीन विदेशी खिलाड़ियों को शामिल किया है। उन्होंने आगे कहा आरसीबी (RCB) के बल्लेबाज रजत पाटीदार इस सीजन की एक प्रतिभाशाली खोज रहे हैं, उन्होंने एक अलग ही स्तर का प्रदर्शन किया।
आपको बता दें, रजत पाटीदार ने इस सीजन में कुल 333 रन बनाए और उन्होंने इस सीजन में सबसे बेहतरीन पारी (नाबाद 112) लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के खिलाफ एलिमिनेटर में खेली। इसके अलावा, आयरलैंड के पूर्व क्रिकेटर उमरान मलिक की तूफानी गेंदबजी से भी काफी प्रभावित हुए और साथ ही उन्होंने वनिंदु हसरंगा की इस सीजन में आरसीबी (RCB) के लिए शानदार प्रदर्शन देने के लिए काफी प्रशंसा की।
उमरान मलिक ने इस सीजन में 22 विकेट लिए, जबकि वनिंदु हसरंगा ने 26 विकेट लिए। नाइल ओ’ब्रायन ने आईपीएल 2022 (IPL 2022) की अपनी सर्वश्रेष्ठ टीम में दीपक हुड्डा, युजवेंद्र चहल और आंद्रे रसेल को भी शामिल किया। उन्होंने अंत में गुजरात टाइटन्स (GT) को पहला आईपीएल खिताब दिलाने वाले कप्तान हार्दिक पांड्या को अपनी टीम की कप्तानी की जिम्मेदारी दी, जबकि आशीष नेहरा को अपने कोच के रूप में चुना।
ये रही नाइल ओ‘ब्रायन की आईपीएल 2022 की सर्वश्रेष्ठ इलेवन: जोस बटलर, केएल राहुल, संजू सैमसन (विकेटकीपर), दीपक हुड्डा, रजत पाटीदार, हार्दिक पांड्या (कप्तान), आंद्रे रसेल, वनिन्दु हसरंगा, मोहसिन खान, उमरान मलिक, युजवेंद्र चहल
कोच – आशीष नेहरा