क्या भारत के तेज गेंदबाजों से डरकर दक्षिण अफ्रीका ने बदल दी अपनी योजनाएं? - क्रिकट्रैकर हिंदी

क्या भारत के तेज गेंदबाजों से डरकर दक्षिण अफ्रीका ने बदल दी अपनी योजनाएं?

दक्षिण अफ्रीका टीम भारत दौरे पर मिलने वाली चुनौतियों के लिए तैयार है।

Temba Bavuma. (Photo by Dan Mullan/Getty Images)
Temba Bavuma. (Photo by Dan Mullan/Getty Images)

दक्षिण अफ्रीका इस समय पांच मैचों की टी-20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज खेलने के लिए भारत दौरे पर है, जो 9 जून से दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में शुरू होगी। दक्षिण अफ्रीका के कप्तान टेम्बा बावुमा ने पहले टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले से पहले खुलासा किया है कि भारतीय क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाजी विभाग ने उन्हें भारत दौरे पर आने से पहले अपनी योजनाओं पर पुनर्विचार करने पर मजबूर कर दिया था।

टेम्बा बावुमा ने आगे बताया दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट टीम ने अपनी योजनाओं में कुछ बदलाव किए हैं, और अब वे भारत के तेज गेंदबाजों और स्पिनरों से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। हालांकि, दक्षिण अफ्रीका को इस टी-20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज में रोहित शर्मा, विराट कोहली, जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद शमी का सामना नहीं करना पड़ेगा, क्योंकि अनुभवी खिलाड़ियों को इस सीरीज से आराम दिया गया है।

टेम्बा बावुमा ने भारत दौरे पर मिलने वाली चुनौतियों को स्वीकार किया

आपको बता दें, चोटिल केएल राहुल की गैरमौजूदगी में ऋषभ पंत टीम इंडिया की कमान संभालेंगे जबकि हार्दिक पांड्या टीम के उप-कप्तान होंगे। केएल राहुल के साथ-साथ कलाई के स्पिनर कुलदीप यादव भी दक्षिण अफ्रीका सीरीज से बाहर हो गए हैं, हालांकि टीम में नए चेहरों उमरान मलिक और अर्शदीप सिंह ने एंट्री की  है। उमरान मलिक ने आईपीएल 2022 (IPL 2022) में अपनी तूफानी गेंदबाजी से बल्लेबाजों के पसीने छुड़ाए थे, और अब उनसे घरेलू सीरीज में भी ऐसे ही प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही है।

टेम्बा बावुमा ने संवाददाताओं को बताया: “भारत के पास एक से बढ़कर एक तेज गेंदबाज और स्पिनर है, और जैसे ही उन्होंने टीम की घोषणा की, हमें इस सीरीज के लिए हमारी योजनाएं और तैयारी बदलनी पड़ी। हमारा फोकस सिर्फ स्पिन पर नहीं है, बल्कि उनकी तेज गेंदबाजी को देखते हुए हम सभी विभागों में तैयार रहना चाहते है।”

दक्षिण अफ्रीकी कप्तान ने आगे कहा: “यह भारत और दक्षिण अफ्रीका दोनों के लिए एक रोमांचक सीरीज होने वाली है। इस बार दोनों टीमों में बहुत सारे युवा और नए चेहरे शामिल किए गए हैं। सभी युवा खिलाड़ी इस सीरीज में बेहतरीन प्रदर्शन कर अपनी-अपनी टीम में अपने लिए स्थानों का दावा ठोक सकते हैं। हम भारत दौरे पर चीजों को हल्के में नहीं ले रहे हैं, हम ऐसा बिलकुल भी नहीं सोच रहे हैं कि जैसे हमने अपनी सरजमीं पर भारतीय टीम को आसानी से शिकस्त थी, वैसा कुछ होगा, यह सीरीज हमारे लिए एक कठिन चुनौती है।”

close whatsapp