IND vs SA: दिग्गज खिलाड़ियों ने पूछा सवाल, आखिर क्यों दिनेश कार्तिक को अक्षर पटेल के बाद उतारा गया? - क्रिकट्रैकर हिंदी

IND vs SA: दिग्गज खिलाड़ियों ने पूछा सवाल, आखिर क्यों दिनेश कार्तिक को अक्षर पटेल के बाद उतारा गया?

भारत के दिग्गज क्रिकेटर सुनील गावस्कर का मानना है कि फिनिशर का मतलब ये नहीं होता कि उसे सिर्फ आखिरी के 4-5 ओवर ही खिलाया जाए ,बल्कि उसे थोड़े ज्यादा ओवर भी खिला सकते हैं।

Dinesh Karthik. (Photo Source: Twitter)
Dinesh Karthik. (Photo Source: Twitter)

भारत बनाम दक्षिण अफ्रीका के बीच 12 जून को कटक के बाराबती स्टेडियम में दूसरा टी-20 मुकाबला खेल गया, जहां दक्षिण अफ्रीका ने भारत को 4 विकेट से हराकर  सीरीज में 2-0 की बढ़त बना ली है। पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 148 रन बनाए। टीम की ओर से श्रेयस अय्यर ने सर्वाधिक 40 रनों की पारी खेली।

जवाब में दक्षिण अफ्रीका ने 149 रन के लक्ष्य को 19 ओवर के अंदर ही हासिल कर लिया। दक्षिण अफ्रीका की तरफ से हेनरिक क्लासेन ने 46 गेंदों में 81 रन की ताबड़तोड़ पारी खेली, जिसमें उन्होंने 7 चौके और 5 छक्के शामिल थे। लगातार दूसरा मैच हारने के बाद ऋषभ पंत की कप्तानी को लेकर एक बार फिर से सवाल उठ रहे हैं।

भारतीय टीम की ओर से ऋतुराज गायकवाड एक बार फिर से नाकाम रहे थे और पहले ही ओवर में पवेलियन लौट गए थे। इसके बाद श्रेयस अय्यर क्रीज पर उतरे और ईशान किशन का बखूबी साथ निभाया। हालांकि ईशान किशन के आउट होने के बाद भारतीय टीम की बल्लेबाजी पूरी तरह से लड़खड़ा गई।

पारी के मिडिल ओवरों में भारतीय टीम के लगातार अंतराल में विकेट गिरते रहे, जिसकी वजह से वो बड़ा स्कोर बनाने में नाकाम रही। पहली पारी में पिच काफी धीमी भी थी और  इसलिए बल्लेबाजों को रन बनाने में काफी परेशानी हुई।

फिनिशर का मतलब ये नहीं होता कि उसे सिर्फ आखिरी के 4-5 ओवर ही खिलाया जाए: सुनील गावस्कर

वहीं 13वें ओवर में हार्दिक पांड्या के आउट होने के बाद ऋषभ पंत ने दिनेश कार्तिक की जगह अक्षर पटेल को बल्लेबाजी के लिए भेजा, जो लोगों को हैरान करने वाला फैसला था। इस पर भारत के दिग्गज क्रिकेटर सुनील गावस्कर का मानना है कि फिनिशर का मतलब ये नहीं होता कि उसे सिर्फ आखिरी के 4-5 ओवर ही खिलाया जाए बल्कि उसे थोड़े ज्यादा ओवर भी खिला सकते हैं। चाहे कोई भी बल्लेबाज हो जितनी देर वो क्रीज पर रहेगा उतनी अच्छी बल्लेबाजी और ज्यादा रन टीम के लिए बनाएगा।

सुनील गावस्कर ने स्टार स्पोर्ट्स से बात करते हुए कहा, ‘कुछ खिलाड़ियों को ये टैग मिल जाता है कि वो बेहतरीन फिनिशर हैं। और तब आपको लगता है कि वो सिर्फ 15 ओवरों के बाद ही खेलने उतर सकते हैं उससे पहले नहीं। लेकिन अगर उन खिलाड़ियों को थोड़ा और पहले भेजा जाए तो शायद वह क्रीज में थोड़ा और समय दें और छक्के मारने की जगह शुरुआत में वो स्ट्राइक रोटेट करें। ज्यादातर होता यह है कि जो बल्लेबाज आखिरी में खेलने उतरते हैं वो अपने दिमाग में 2-3 ओवर ही सोचते हैं। लेकिन उन्ही खिलाड़ियों को अगर और मौका दिया जाए तो शायद वो सिर्फ मारने को ना देखें बल्कि थोड़ा सोच समझ के क्रिकेट खेलें।

अनुभवी बल्लेबाज का काम है मुश्किल समय में बेहतरीन प्रदर्शन करना: गौतम गंभीर

दूसरे टी-20 मुकाबले में कार्तिक ने 21 गेंदों में नाबाद 30 रन बनाए और उनके इस पारी की बदौलत भारत 20 ओवर में 148 रन तक पहुंच पाया था। भारत के पूर्व बल्लेबाज गौतम गंभीर ने कहा कि भविष्य के आने वाले मुकाबलों में कार्तिक को ज्यादा से ज्यादा गेंदें खेलनी पड़ेगी, क्योंकि अब वो एक अनुभवी बल्लेबाज हो चुके हैं।

मुकाबले के बाद स्टार स्पोर्ट्स पर गौतम गंभीर ने कहा, ‘ऐसा जरूरी नहीं है कि दिनेश कार्तिक को आखिरी 3 ओवरों में ही बल्लेबाजी करवानी है। अगर आप एक अनुभवी बल्लेबाज हैं और आप 6 नंबर पर बल्लेबाजी करने उतर रहे हैं तो ये आपका काम है कि मुश्किल परिस्थितियों में बेहतरीन प्रदर्शन करें और अपनी टीम के लिए ज्यादा से ज्यादा रन बनाए।

दक्षिण अफ्रीका के पूर्व कप्तान ग्रीम स्मिथ ने भी ऋषभ पंत के फैसले को गलत बताया है। उनका कहना है, ‘मुझे समझ नहीं आया कि पंत ने अक्षर पटेल को क्यों दिनेश कार्तिक से पहले भेजा, जबकि कार्तिक इस समय फॉर्म में है और अनुभवी क्रिकेटरों में से एक हैं। लेकिन शायद IPL की वजह से पंत के दिमाग में ये आया होगा कि अक्षर पटेल को दिनेश कार्तिक से पहले भेजा जाए। खैर ऐसी गलती पंत अगली बार ना करें।

close whatsapp