टी-20 विश्व कप 2022 के लिए टीम इंडिया में ईशान किशन की दावेदारी कितनी पक्की?, गौतम गंभीर ने बताया - क्रिकट्रैकर हिंदी

टी-20 विश्व कप 2022 के लिए टीम इंडिया में ईशान किशन की दावेदारी कितनी पक्की?, गौतम गंभीर ने बताया

सवाल यह उठता है कि जब रोहित शर्मा, केएल राहुल और विराट कोहली टीम में वापसी करेंगे तब क्या भारतीय टीम ईशान किशन को मौका देगी?: गौतम गंभीर

 

Ishan Kishan (Image Source: BCCI Twitter)
Ishan Kishan (Image Source: BCCI Twitter)

भारत के पूर्व बल्लेबाज गौतम गंभीर का मानना है कि भारतीय टीम में दिग्गज खिलाड़ियों की वापसी होने के बाद भी टीम में ईशान किशन को टॉप ऑर्डर में खिलाना चाहिए। बता दें कि दक्षिण अफ्रीका सीरीज से पहले रोहित शर्मा, विराट कोहली को आराम दिया गया था। वहीं केएल राहुल चोटिल होकर इस सीरीज से पहले ही बाहर हो गए थे।

इस बीच गंभीर का मानना है कि ऑस्ट्रेलिया की तेज और उछाल वाली पिचों पर ईशान किशन जबरदस्त शॉट्स खेलेंगे। वह टी-20 वर्ल्ड कप 2022 में टीम के लिए एक्स-फैक्टर साबित हो सकते हैं। गंभीर का ये भी कहना है कि ईशान किशन के साथ रोहित शर्मा को ओपनिंग करनी चाहिए और केएल राहुल को मिडिल आर्डर में खेलना चाहिए।

ईशान किशन के पास बिना डरे शॉट्स खेलने की क्षमता है: गौतम गंभीर

गौतम गंभीर ने स्टार स्पोर्ट्स पर कहा, ‘सवाल यह उठता है कि जब रोहित शर्मा, केएल राहुल और विराट कोहली टीम में वापसी करेंगे तब क्या भारतीय टीम ईशान किशन को मौका देगी? क्योंकि आप हमेशा एक्स-फैक्टर की बात करते हैं और बिना डरे खेलने की। भले ही किशन रन बनाए ना बनाए, लेकिन वो बिना डरे खेलने का एप्रोच लाते हैं।

गौतम गंभीर ने आगे कहा, ‘क्या टीम ईशान किशन और रोहित शर्मा से ओपनिंग और केएल राहुल से मिडिल ऑर्डर में बल्लेबाजी करवाएगी। लेकिन मैं चाहता हूं कि ऑस्ट्रेलियाई पिचों को देखते हुए जहां पर काफी उछाल होती है और गेंदे काफी तेज आती हैं, वहां पर ईशान किशन बने रहे। मुझे लगता है कि भारतीय टीम को उन्हें टी-20 वर्ल्ड कप 2022 में जरूर खिलाना चाहिए।

बता दें कि ईशान किशन ने IPL 2022 में मुंबई इंडियंस (MI) की ओर से ठीक-ठाक प्रदर्शन किया था। उन्होंने इस सीजन में 32.15 की औसत से 418 रन बनाए थे। यही नहीं उन्होंने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टी-20 सीरीज के पहले दो मुकाबलों में 159 के अधिक स्ट्राइक रेट से 110 रन बनाए हैं।

दूसरे मुकाबले में जहां एक तरफ भारतीय टीम के टॉप ऑर्डर बल्लेबाज रन बनाने में नाकाम रहे। वहीं दूसरी ओर ईशान किशन ने 21 गेंदों में 34 रन की नायाब पारी खेली। यही नहीं किशन ने दोनों मुकाबलों के पॉवरप्ले को मिलाकर 41 गेंदों में 55 रन बनाए। भारतीय टीम भी टी-20 वर्ल्ड कप 2022 के लिए कुछ ऐसी ही शुरुआत अपने सलामी बल्लेबाजों से चाहेगी। फिलहाल भारत बनाम दक्षिण अफ्रीका सीरीज के दो मुकाबलों में दक्षिण अफ्रीका 2-0 से आगे है। इन दोनों टीमों के बीच तीसरा टी-20 मुकाबला 14 जून को विशाखापट्टनम में खेला जाएगा।

close whatsapp