हम बस दुआ कर रहे थे कि जल्द से जल्द विराट कोहली का विकेट हमको मिल जाए: टिम पेन
जैसे ही कोहली रनआउट हुए थे हम सभी खिलाड़ियों की जान में जान आई थी: टिम पेन
अद्यतन - Jun 17, 2022 5:46 pm

ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान टिम पेन ने भारत के खिलाफ हुए बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी 2020-21 के पहले टेस्ट मुकाबले को याद किया जो एडिलेड में खेला गया था। उन्होंने बताया कि कितने मुश्किल के बाद अचानक से जब विराट कोहली रन आउट हुए थे तब उनकी टीम का उत्साह देखने योग्य था।
यह सीरीज टीम इंडिया के नाम रही थी लेकिन कोहली का रन आउट सभी प्रशंसकों के लिए काफी मायूसी वाला रहा था। ऐसा इसलिए भी क्योंकि कोहली उस समय काफी अच्छा खेल रहे थे और अपने 71वें शतक की ओर बढ़ रहे थे लेकिन एक छोटी सी गलती की वजह से वो 74 रन पर रन आउट हो गए थे।
इन दोनों टीमों के बीच खेले गए पहले टेस्ट मुकाबले में भारत ने अपने दोनों ओपनरों को काफी जल्दी गंवा दिया था। इसके बाद चेतेश्वर पुजारा और अजिंक्य रहाणे ने टीम को संभाला और एक बेहतरीन साझेदारी की। इसके बाद विराट कोहली और अजिंक्य रहाणे ने अच्छी साझेदारी निभाई थी और इस साझेदारी में उन्होंने कई बेहतरीन शॉट्स जड़े थे।
हालांकि, रहाणे के एक गलत फैसले की वजह से कोहली रनआउट हो गए थे। उसके बाद टीम पूरी तरह से बिखर गई थी और 188/4 से 244 पर ऑलआउट हो गई थी। पेन ने बताया कि जब रहाणे और कोहली मैदान पर मौजूद थे तब ऑस्ट्रेलिया टीम पर काफी दबाव आ गया था और वो दुआ कर रहे थे कि जल्द से जल्द इस साझेदारी को तोड़ा जाए।
अगर कोहली रन आउट ना होते तो शायद वो मुकाबला भी हम हार जाते: टिम पेन
पेन ने वूट में हाल ही में रिलीज हुई ‘बंदो में था दम’ सीरीज के एक एपिसोड में कहा कि, “मैं इस बात पर हामी भरूँगा कि, जब विराट कोहली 20-30 पर बल्लेबाजी कर रहे थे तब लाइट्स जल गई थी। तब मुझे लगा था कि, विराट कोहली आज जल्द आउट नहीं होने वाले हैं और हमें आगे काफी परेशानी होने वाली है। मुझे आज भी याद है कि शुरुआती 15 मिनट में मैं काफी परेशान था। मैं बस ऊपर वाले से दुआ कर रहा था कि रहाणे या कोहली में किसी एक का विकेट मिल जाए।”
उन्होंने आगे कहा, “दोनों ने ही काफी बेहतरीन बल्लेबाजी की थी। फिर एकदम से रहाणे ने कोहली को रन आउट करवा दिया था। जैसे ही कोहली रनआउट हुए थे हम सभी खिलाड़ियों की जान में जान आई थी। सबको पता है कि अगर विराट कोहली और अजिंक्य रहाणे आप के खिलाफ बेहतरीन बल्लेबाजी कर रहे हैं तो वो आपको इतनी जल्दी अपना विकेट नहीं देंगे।”
पेन ने कहा, “आपको बस उनकी एक गलती का इंतजार करना होगा। हमें पता था कि पिंक गेंद से लाइट के नीचे खेलने में नए बल्लेबाज को काफी परेशानी होगी। इसलिए जैसे ही पहले कोहली रन आउट हुए और उसके बाद रहाणे का विकेट मिला हमे लग गया था कि अब हम मुकाबले में वापसी कर सकते हैं और हमने इस सीरीज का पहला मुकाबला अपने नाम किया था।”