टीम इंडिया के लिए बड़ी खुशखबरी; आर अश्विन जल्द इंग्लैंड के लिए होंगे रवाना
आर अश्विन ने कथित तौर पर अपना क्वारंटाइन पूरा कर लिया है।
अद्यतन - Jun 22, 2022 11:20 am

भारत के अनुभवी ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन कोरोना संक्रमित होने के बाद भारत की टेस्ट टीम के साथ मजबूरन इंग्लैंड की यात्रा नहीं कर पाए थे, क्योंकि उन्हें पांच दिनों के आइसोलेशन के साथ-साथ सभी कोविड-19 प्रोटोकॉल पूरे करने थे। वह बर्मिंघम में 1 जुलाई से इंग्लैंड के खिलाफ खेले जाने वाले पुनर्निर्धारित टेस्ट के लिए भारतीय टीम का हिस्सा हैं। यह टेस्ट मैच भारत के पिछले साल के इंग्लैंड दौरे के दौरान खेली गई पांच मैचों की टेस्ट सीरीज का हिस्सा था, जिसे भारतीय खेमे में कोविड-19 के प्रकोप के कारण स्थगित कर दिया गया था।
क्रिकबज की रिपोर्ट के अनुसार, बीसीसीआई (BCCI) के सूत्रों और प्रबंधन ने इस बात की पुष्टि की है कि आर अश्विन अगले 24 घंटों में इंग्लैंड के लिए रवाना होंगे। वह सभी प्रोटोकॉल को पूरा करने के बाद जल्द से जल्द से टीम इंडिया से जुड़ने के लिए अगले 24 घंटों में इंग्लैंड के लिए उड़ान भरेंगे।
रविचंद्रन अश्विन जल्द भरेंगे इंग्लैंड के लिए उड़ान
यह भी कहा जा रहा है कि अनुभवी ऑलराउंडर 24 जुलाई से लीसेस्टरशायर के खिलाफ खेले जाने वाले चार दिवसीय अभ्यास मैच में हिस्सा ले सकते है। रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि अश्विन के कोरोना वायरस से ठीक नहीं होने की स्थिति में ऑफ-स्पिनर जयंत यादव को उनके प्रतिस्थापन के रूप में माना जा रहा था।
बीसीसीआई (BCCI) के एक वरिष्ठ अधिकारी ने इनसाइडस्पोर्ट को बताया: “जी हां, अश्विन ने अपना क्वारंटाइन पूरा कर लिया है। अगर उनके स्वास्थ्य की बात करे, तो वह पूरी तरह ठीक है। हम अश्विन के लिए इंग्लैंड की यात्रा व्यवस्था कर रहे हैं, और हमें उम्मीद है कि वह 23-24 जून को लीसेस्टर में भारतीय दस्ते में शामिल हो जाएंगे। उनकी यात्रा की व्यवस्था अंतिम चरण में है।”
इस बीच, ऋषभ पंत और श्रेयस अय्यर भी 21 जून को मुख्य कोच राहुल द्रविड़ के साथ टीम में शामिल हो गए है। आपको बता दें, इस सीरीज में भारतीय क्रिकेट टीम 2-1 से आगे चल रही है, लेकिन उनके लिए यह पुनर्निर्धारित टेस्ट मैच जीतना आसान नहीं होगा, क्योंकि इंग्लैंड क्रिकेट टीम इस समय बेहद खतरनाक फॉर्म में है। ऐसे में अश्विन की इंग्लैंड यात्रा की कथित पुष्टि होना मेहमान टीम के लिए बड़ी राहत की बात है।
पांचवें टेस्ट के लिए भारत की टेस्ट टीम:
रोहित शर्मा (कप्तान), शुभमन गिल, चेतेश्वर पुजारा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, हनुमा विहारी, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), रवींद्र जडेजा, रविचंद्रन अश्विन, शार्दुल ठाकुर, मोहम्मद शमी, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज, उमेश यादव, प्रसिद्ध कृष्णा, श्रीकर भारत (विकेटकीपर)