भारतीय टीम दीपक हुड्डा को आयरलैंड के खिलाफ टी-20 सीरीज में जरूर मौका दें: संजय मांजरेकर
मुझे लग रहा है कि हुड्डा को आयरलैंड सीरीज में मौका मिल सकता है क्योंकि उन्होंने IPL 2022 में अपने प्रदर्शन से सभी को प्रभावित किया था: संजय मांजरेकर
अद्यतन - Jun 26, 2022 1:51 pm

26 जून से आयरलैंड और भारत के बीच दो टी-20 मुकाबलों की सीरीज शुरू होने वाली है। टीम के तमाम दिग्गज खिलाड़ियों को इस सीरीज में आराम दिया गया है वहीं कुछ युवा खिलाड़ियों को इस सीरीज में शामिल किया गया है। काफी लोगों का अनुमान है कि ऑलराउंडर दीपक हुड्डा को इस सीरीज में मौका दिया जा सकता है। इसी के साथ भारत के पूर्व क्रिकेटर संजय मांजरेकर का मानना है कि दीपक हुड्डा के लिए यह सीरीज काफी यादगार हो सकती है।
बता दें, IPL 2022 में दीपक हुड्डा ने कमाल का प्रदर्शन किया था और लखनऊ सुपर जाइंट्स (LSG) को प्लेऑफ में पहुंचाया था। इस ऑलराउंडर ने IPL 2022 में मुकाबले की परिस्थिति के हिसाब से खेला था और जब टीम को जरूरत पड़ी थी तब ताबड़तोड़ शॉट्स भी जड़े थे। हुड्डा ने इस सीजन में 451 रन बनाए थे जिसमें 4 अर्धशतक भी शामिल थे।
बल्लेबाजी के साथ-साथ हुड्डा गेंदबाजी में भी बेहतरीन प्रदर्शन कर सकते हैं। वहीं संजय मांजरेकर को उम्मीद है कि भले ही उन्हें दक्षिण अफ्रीका सीरीज में मौका ना मिला हो लेकिन आयरलैंड सीरीज में भारतीय टीम उन्हें प्लेइंग XI में शामिल कर सकती है। मांजरेकर ने कहा है कि दीपक हुड्डा ने इस IPL सीजन में सभी को अपने प्रदर्शन से प्रभावित किया है।
दीपक हुड्डा का IPL 2022 काफी कमाल का रहा था: संजय मांजरेकर
सोनी स्पोर्ट्स शो में संजय मांजरेकर ने कहा कि, ‘मुझे लग रहा है कि हुड्डा को आयरलैंड सीरीज में मौका मिल सकता है क्योंकि उन्होंने IPL 2022 में अपने प्रदर्शन से सभी को प्रभावित किया था। वह पिछले काफी समय से बेहतरीन प्रदर्शन कर रहे हैं लेकिन अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उनको मौका नहीं मिल रहा है।
दक्षिण अफ्रीका सीरीज में हमने देखा था कि भारत के मिडिल ऑर्डर के बल्लेबाज रन बनाने में नाकाम रहे थे। श्रेयस अय्यर और ऋषभ पंत दोनों का प्रदर्शन काफी निराशाजनक रहा था। लेकिन अगर आप दीपक हुड्डा को मिडिल ऑर्डर में खिलाते हैं तो हार्दिक पांड्या और दिनेश कार्तिक के ऊपर से दबाव पूरी तरह से हट जाएगा।
संजय मांजरेकर की मानें तो भारत को उनके जैसा ही एक खिलाड़ी चाहिए जो नीचे आकर तेजी से रन बना सके और बाकी बल्लेबाजों के ऊपर से दबाव हटा सकें। उन्होंने कहा कि, ‘IPL में हुड्डा ने कई मुकाबलों में बेहतरीन प्रदर्शन किया था और टीम की जीत में अहम योगदान दिया था।