मुंबई इंडियंस के युवा खिलाड़ी जल्द करेंगे ब्रिटेन का दौरा! पढ़िए पूरी खबर
मुंबई इंडियंस तो अभी से आईपीएल 2023 की तैयारियों में जुट गई है!
अद्यतन - जून 29, 2022 3:18 अपराह्न

इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) की फ्रेंचाइजी मुंबई इंडियंस (MI) अपने अनकैप्ड भारतीय खिलाड़ियों के साथ अगले महीने तीन सप्ताह के एक्सपोजर ट्रिप पर यूनाइटेड किंगडम (यूके) की यात्रा करेगी। आपको बता दें, पांच बार की चैंपियन फ्रैंचाइजी मुंबई इंडियंस (MI) आईपीएल 2022 (IPL 2022) में 14 में से केवल 4 मैच जीत पाई थी।
इस एक्सपोजर ट्रिप के दौरान तिलक वर्मा और कुमार कार्तिकेय जैसे कई अन्य होनहार भारतीय युवा इंग्लैंड में अत्याधुनिक सुविधाओं में प्रशिक्षण लेंगे। इस यूके दौरे के दौरान मुंबई इंडियंस (MI) के खिलाड़ियों को इंग्लैंड के शीर्ष क्लबों के खिलाफ 10 टी-20 मैच भी खेलने को मिलेंगे, जो आईपीएल 2023 (IPL 2023) के लिए उनकी तैयारी के लिए काफी फायदेमंद साबित हो सकता है।
मुंबई इंडियंस आईपीएल 2023 की तैयारियों में जुट गई है
मुंबई इंडियंस के एक सूत्र ने NDTV के हवाले से बताया: “तिलक वर्मा, कुमार कार्तिकेय, रमनदीप सिंह और ऋतिक शौकीन जैसे अनकैप्ड खिलाड़ियों को इस यात्रा के दौरान कठिन परिस्थितियों में शीर्ष टी-20 क्लबों के खिलाफ खेलने का मौका मिलेगा। इनके अलावा, अर्जुन तेंदुलकर, जो पहले ही ब्रिटेन में हैं, और दक्षिण अफ्रीका के युवा खिलाड़ी डेवाल्ड ब्रेविस भी इस दौरे में हिस्सा ले सकते है।”
सूत्र ने आगे बताया: “यह एक्सपोजर ट्रिप व्यावसायिक नहीं है, जहां इन मैचों के टिकट बेचे जाएंगे या मैच किसी विशेष चैनल पर प्रसारित किया जाएंगे या फिर किसी ऐप पर स्ट्रीम किए जाएंगे। चूंकि इस एक्सपोजर ट्रिप से कोई आमदनी नहीं होने वाली है, इसलिए हमें बीसीसीआई से अनुमति के लिए आवेदन करने की आवश्यकता नहीं है। हम केवल उन्ही खिलाड़ियों को यूके ले जा रहे हैं, जो किसी भी राष्ट्रीय टीम की गतिविधियों से जुड़े नहीं हैं, या जिन्हें बीसीसीआई द्वारा आयोजित किसी भी शिविर या किसी लीग में हिस्सा लेने के लिए नहीं बुलाया गया है।”
यूके दौरे के लिए संभावित खिलाड़ियों की सूची पर डालिए नजर –
तिलक वर्मा, कुमार कार्तिकेय, ऋतिक शौकीन, मयंक मारकंडे, राहुल बुद्धि, रमनदीप सिंह, अनमोलप्रीत सिंह, बासिल थम्पी, मुरुगन अश्विन, आर्यन जुयाल, आकाश मेधवाल, अरशद खान, अर्जुन तेंदुलकर, डेवाल्ड ब्रेविस (विदेशी)।