एबी डिविलियर्स ने की केन विलियमसन की जमकर तारीफ, कहा- वह एक रॉकस्टार प्लेयर हैं - क्रिकट्रैकर हिंदी

एबी डिविलियर्स ने की केन विलियमसन की जमकर तारीफ, कहा- वह एक रॉकस्टार प्लेयर हैं

एबी डिविलियर्स ने शुभमन गिल की भी तारीफ की और उन्हें केन विलियमसन जैसा खिलाड़ी बताया।

AB de Villiers And Kane Williamson (Photo Source: Twitter)
AB de Villiers And Kane Williamson (Photo Source: Twitter)

आज से इंडियन प्रीमियर लीग के 16वें सीजन का आगाज होने जा रहा है। इस सीजन का पहला मुकाबला चेन्नई सुपर किंग्स और गुजरात टाइटंस के बीच खेला जाएगा। हालांकि इससे पहले ही रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर और साउथ अफ्रीका के पूर्व खिलाड़ी एबी डिविलियर्स ने न्यूजीलैंड के खिलाड़ी केन विलियमसन को रॉकस्टार प्लेयर बताया है।

बता दें इस बार विलियमसन हार्दिक पांड्या की अगुवाई वाली टीम गुजरात टाइटंस के लिए खेलेंगे। दरअसल पहले वह सनराइजर्स हैदराबाद के लिए खेला करते थे लेकिन इस फ्रेंचाइजी ने उन्हें ऑक्शन से पहले रिलीज कर दिया था। जिसके बाद गुजरात की टीम ने उन्हें खरीदा था।

टी20 क्रिकेट में वह अंडररेटेड खिलाड़ी हैं- एबी डिविलियर्स

वहीं एबी डिविलियर्स ने केन विलियमसन के बारे में बात करते हुए कहा कि, वह गुजरात की टीम के लिए जबरदस्त बल्लेबाज साबित हो सकते हैं। वह एक ऐसे प्लेयर हैं जो बल्लेबजी के साथ पारी बनाने के अलावा स्ट्राइक रेट को भी तेजी से बढ़ा सकते हैं। वह रॉकस्टार प्लेयर हैं। लेकिन टी20 क्रिकेट में वह अंडररेटेड खिलाड़ी है।

उन्होंने अपनी बात को जारी रखते हुए आगे कहा कि, सबको पता है कि वह थोड़ा धीमा खेलते हैं लेकिन मुझे लगता है कि वह किसी भी बैटिंग लाइन को साथ लेकर चल सकते हैं। वह 170-180 के स्ट्राइक रेट से भी रन बना सकते हैं। मुझे लगता है कि उन्हें अपना नेचुरल गेम खेलना चाहिए। अगर बाकि बैटिंग लाइन अप उनके इर्द गिर्द घूमती हैं तो फिर ये काफी शानदार हो सकता है क्योंकि वह 20 ओवर तक खेल सकते हैं। उनका यही रोल रहने वाला है।

इसके साथ ही एबी डिविलियर्स ने शुभमन गिल की भी तारीफ की और उन्हें केन विलियमसन जैसा खिलाड़ी बताया। उन्होंने कहा कि, शुभमन काफी स्मार्ट प्लेयर हैं। भले ही वह युवा हैं लेकिन क्रिकेट खेलने का अंदाज एक अनुभवी खिलाड़ी जैसा है। वह सभी तरह का शॉट्स खेल सकते हैं। आईपीएल 2023 उनके लिए बहुत अच्छा होने वाला है।

close whatsapp