टी-20 वर्ल्ड कप 2022 से पहले इंग्लैंड करेगा पाकिस्तान का दौरा - क्रिकट्रैकर हिंदी

टी-20 वर्ल्ड कप 2022 से पहले इंग्लैंड करेगा पाकिस्तान का दौरा

पाकिस्तान और इंग्लैंड के बीच तीन मैचों की टेस्ट सीरीज भी खेली जाएगी।

Pakistan team. (Photo Source: Pakistan Cricket/Twitter)
Pakistan team. (Photo Source: Pakistan Cricket/Twitter)

इंग्लैंड इस साल 17 वर्षों बाद पाकिस्तान का दौरा करेगा और इस दौरान दोनों टीमों के बीच सात मैचों की टी-20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज खेली जाएगी, जो आगामी टी-20 वर्ल्ड कप 2022 को ध्यान में रखते हुए निर्धारित की गई है। यह सीरीज 15 सितंबर से 2 अक्टूबर के बीच संभावित रूप से खेली जाने की उम्मीद है।

पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) के एक सूत्र ने खुलासा किया है कि लाहौर और कराची सभी सात टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों की मेजबानी करेंगे। सूत्र ने यह भी कहा कि पीसीबी (PCB) अन्य छोटे अंतरराष्ट्रीय स्टेडियमों जैसे फैसलाबाद और मुल्तान में इंग्लैंड सीरीज के मैचों की मेजबानी करने पर विचार कर रहा था।

इंग्लैंड 17 वर्षों बाद पाकिस्तान का दौरा करेगा

लेकिन बाद में पीसीबी (PCB) ने उन योजनाओं को स्थगित कर दिया, क्योंकि इस सीरीज के लिए भारी भीड़ के उमड़ने की उम्मीद है, ऐसे में इन छोटे स्टेडियमों में दर्शकों को संभालना मुश्किल है। हालांकि, पाकिस्तान और इंग्लैंड के बीच खेली जाने वाली आगामी टी-20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज के शेड्यूल को अभी अंतिम रूप नहीं दिया गया है।

इस बीच, इंग्लैंड के प्रतिनिधिमंडल के जुलाई और अगस्त के बीच टी-20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज के लिए तारीखों और स्थानों को अंतिम रूप देने के लिए पाकिस्तान का दौरा करने की संभावना है। इसके अलावा, पाकिस्तान टी-20 वर्ल्ड कप 2022 के समापन के बाद तीन मैचों की टेस्ट सीरीज में इंग्लैंड की मेजबानी करेगा, और पीसीबी (PCB) ने इन मैचों की मेजबानी फैसलाबाद और मुल्तान जैसे छोटे स्थानों पर करने का फैसला किया है।

पीसीबी के एक सूत्र ने कहा: “पाकिस्तान-इंग्लैंड T20I सीरीज की मेजबानी के लिए कराची और लाहौर को चुना गया हैं, जबकि रावलपिंडी एक बैकअप विकल्प के रूप में हमारी योजनाओं में शामिल है। चूंकि इंग्लैंड 17 साल बाद पाकिस्तान का दौरा कर रहा है, इसलिए हमें कराची और लाहौर में मैचों के लिए भारी भीड़ की उम्मीद है। वहीं इस दौरान टेस्ट मैचों के लिए छोटे स्थान तैयार किए जाएंगे।”

close whatsapp