पूर्व भारतीय दिग्गज वसीम जाफर का बड़ा बयान, कहा- पाकिस्तान का गेंदबाजी क्रम भारत से बेहतर
टी-20 विश्व कप में भारत की बल्लेबाजी से कमजोर दिखी गेंदबाजी- जाफर
अद्यतन - नवम्बर 13, 2022 7:35 अपराह्न

टी-20 विश्व कप 2022 अब खत्म हो चुका है। फाइनल मुकाबले में इंग्लैंड ने पाकिस्तान को 5 विकेट से हराकर यह खिताब अपने नाम कर लिया है। इंग्लैंड ने दूसरी बार विश्व कप की ट्रॉफी अपने नाम की है।
पूरे टी-20 विश्व कप के दौरान गेंदबाजी बल्लेबाजी पर भारी पड़ती हुई दिखाई दी लेकिन कई मौकों पर बल्लेबाजों पर भी खूब रंग चढ़ा। जहां तक टीम इंडिया की बात है तो रोहित शर्मा की अगुवाई में भारत ने सेमीफाइनल तक का सफर तय किया।
गौरतलब है कि टी-20 विश्व कप के दूसरे सेमीफाइनल मुकाबले में टीम इंडिया को हराकर इंग्लैंड ने फाइनल में जगह बनाई थी। यह मैच हार कर टीम इंडिया टी-20 विश्व कप से बाहर हो गई थी और अब भारतीय टीम के पूर्व खिलाड़ी वसीम जाफर ने टीम इंडिया की गेंदबाजी को लेकर बयान दिया है।
वसीम जाफर का बड़ा बयान
बता दें कि क्रिकट्रैकर पर बैटब्रिक्स 7 प्रस्तुत रन की रणनीति शो में वसीम जाफर ने भारतीय गेंदबाजी को लेकर बड़ा बयान दिया है। जाफर ने कहा कि इसमें कोई शक नहीं कि पाकिस्तान का गेंदबाजी क्रम भारत से बेहतर है, खासकर तेज गेंदबाजी में। उनके पास हैरिस रऊफ, नसीम शाह और शाहीन शाह अफरीदी हैं जो 140 से तेज गति से गेंदबाजी करते हैं।
साथ ही जाफर ने कहा कि हैरिस रऊफ आसानी से 150 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से गेंदबाजी कर सकते हैं, वह वास्तव में अच्छी गेंदबाजी कर रहे हैं। वहीं आप शाहीन को देखेंगे तो वह फाॅर्म में लौट चुके हैं। नसीम बहुत अच्छी गेंदबाजी कर रहा है और शादाब एक शानदार ऑलराउंडर है।
इसके अलावा जाफर ने कहा कि उनके (पाकिस्तान) पास आपके पास मोहम्मद नवाज हैं, हालांकि उन्होंने महत्वपूर्ण क्षणों में निराश किया है। कुल मिलाकर आप निश्चित रूप से कह सकते हैं कि पाकिस्तान के पास भारत से बेहतर गेंदबाजी आक्रमण है।
साथ ही टी-20 विश्व कप में टीम इंडिया को लेकर वसीम जाफर ने कहा कि हमने (भारत) टूर्नामेंट में अच्छी बल्लेबाजी की है और हमारी गेंदबाजी हमारी बल्लेबाजी से कमजोर नजर आई और यही वजह रही कि हम हार गए।