ऋषभ पंत की रोमांचक बल्लेबाजी के कायल हुए पॉल कॉलिंगवुड - क्रिकट्रैकर हिंदी

ऋषभ पंत की रोमांचक बल्लेबाजी के कायल हुए पॉल कॉलिंगवुड

एजबेस्टन में खेले जा रहे मैच का पहला दिन बेहद रोमांचक रहा।

Rishabh Pant. (Photo by Alex Davidson/Getty Images)
Rishabh Pant. (Photo by Alex Davidson/Getty Images)

इंग्लैंड के सहायक कोच पॉल कॉलिंगवुड ने एजबेस्टन में खेले जा रहे पुनर्निर्धारित पांचवें टेस्ट मैच के रोमांचक पहले दिन के बाद भारतीय विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋषभ पंत की शानदार पारी के लिए तारीफ की है। इस मैच में टीम इंडिया की शुरुआत खराब रही, क्योंकि मेहमान टीम ने मात्र 98 रनों पर अपने पांच विकेट गवां दिए थे, लेकिन बाएं-हाथ के युवा बल्लेबाज ने टीम की कमान संभाली, और उन्हें मुश्किल स्थिति से बाहर निकाला।

ऋषभ पंत ने इंग्लैंड के खिलाफ 111 गेंदों में 146 रनों की शानदार पारी खेली और साथ ही रवींद्र जडेजा (104) के साथ 222 रनों की रिकॉर्ड-तोड़ साझेदारी कर भारतीय क्रिकेट टीम को पहली पारी में 416 रन बनाने में अहम भूमिका निभाई। इस बीच, पॉल कॉलिंगवुड ने कहा कोई भी पंत की यह रोमांचक पारी देखकर खुद को उनके लिए तालियां बजाने और उनकी तारीफ करने से नहीं रोक पाएगा।

पॉल कॉलिंगवुड ने ऋषभ पंत की तारीफ की

पॉल कॉलिंगवुड ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा: “आज का दिन बहुत अच्छा था, मुझे नहीं लगता कि हमारे गेंदबाजों ने खराब गेंदबाजी की, लेकिन ऋषभ पंत ने जिस तरह से बल्लेबाजी की, उन्हें मेरा सलाम है। जब आप विश्व-स्तरीय खिलाड़ियों के खिलाफ खेल रहे होते हैं, तो आप उनसे ऐसे ही रोमांचक प्रदर्शन की उम्मीद कर सकते हैं। यह टेस्ट क्रिकेट का बहुत ही रोमांचक दिन रहा।

ब्रेंडन मैकुलम ने शुरू से ही कहा है कि हमें टेस्ट क्रिकेट को और अधिक मनोरंजक बनाना है, और पहले दिन का खेल बिल्कुल वैसा ही था – चाहे फिर बल्लेबाजी, गेंदबाजी, या फील्डिंग हो, सभी पक्ष शानदार रहे। जब आप ऋषभ पंत द्वारा खेली गई रोमांचक पारी को देखते हैं, तो आप तालियां बजाने के लिए मजबूर हो जाते हैं।”

हालांकि, इंग्लैंड के सहायक कोच ने जोर देकर कहा है कि मेजबान टीम जारी पुनर्निर्धारित टेस्ट में भारत के प्रदर्शन से भयभीत नहीं है। वहीं उन्होंने दावा किया कि एजबेस्टन की पिच 30-40 ओवर के बाद बल्लेबाजों के लिए आसान हो गई थी, इसलिए गेंदबाजों को बाद के सत्रों में विकेट लेने में मुश्किल हुई।

close whatsapp