एजबेस्टन में भारतीय क्रिकेट फैंस हुए नस्लवादी हमले का शिकार; वारविकशायर और ईसीबी मामले की जांच करेंगे - क्रिकट्रैकर हिंदी

एजबेस्टन में भारतीय क्रिकेट फैंस हुए नस्लवादी हमले का शिकार; वारविकशायर और ईसीबी मामले की जांच करेंगे

अजीम रफीक ने नस्लवादी दुर्व्यवहार को उजागर करने वाले कई ट्वीट अपने अकाउंट पर साझा किए हैं।

Edgbaston Stadium. (Photo Source: Twitter)
Edgbaston Stadium. (Photo Source: Twitter)

इंग्लैंड और भारत के बीच एजबेस्टन में खेले जा रहे पुनर्निर्धारित पांचवे और अंतिम टेस्ट मैच के दौरान नस्लवाद का मामला सामने आया है, और यह मुद्दा भारतीय क्रिकेट फैंस से जुड़ा है। पुनर्निर्धारित टेस्ट के चौथे दिन एजबेस्टन में भारतीय प्रशंसकों को इंग्लैंड के प्रशंसकों द्वारा नस्लीय हमले का शिकार होना पड़ा, और इसकी जानकारी कई फैंस ने खुद ट्विटर पर दी है।

एजबेस्टन स्टेडियम में भारतीय क्रिकेट टीम के समर्थन में खड़े प्रशंसकों के एक समूह को नस्लवादी दुर्व्यवहार का सामना करना पड़ा और उन्होंने स्टेडियम के अधिकारियों से कई बार शिकायत भी की, लेकिन उन्होंने इंग्लैंड के प्रशंसकों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की।

एजबेस्टन में भारतीय फैंस पर हुआ नस्लवादी हमला

जिसके बाद कई भारतीय फैंस ने एजबेस्टन स्टेडियम में उन पर हुए नस्लभेदी हमले की जानकारी सोशल मीडिया पर साझा की। यॉर्कशायर के क्रिकेटर अजीम रफीक ने भी इस मुद्दे को ट्विटर पर उजागर किया और साथ ही कई ट्वीट साझा किए, जहां नस्लवादी दुर्व्यवहार के आरोप सामने लाए गए है।

भारतीय क्रिकेट फैंस पर नस्लवादी हमले की खबरों के तूल पकड़े जाने के बाद वारविकशायर काउंटी क्रिकेट क्लब, एजबेस्टन और इंग्लैंड और वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ECB) ने इस मामले पर अपनी प्रतिक्रिया दी और उन्होंने नस्लवादी दुर्व्यवहार की कड़ी निंदा करते हुए पुष्टि की कि इस मामले की जांच करेंगे।

एजबेस्टन ने अजीम रफीक के ट्वीट पर रिप्लाई देते हुए कहा: “हमें नस्लवादी हमले के बारे में जानकार खेद हुआ, और हम इसकी कड़ी निंदा करते हैं। हम इस मामले को लेकर जल्द से जल्द जांच करेंगे।”

जबकि एजबेस्टन के मुख्य कार्यकारी स्टुअर्ट कैन ने वारविकशायर क्लब के एक बयान में कहा: “मैं इन खबरों से बहुत दुखी हूं क्योंकि हम एजबेस्टन में सभी को एक सुरक्षित और स्वागत योग्य वातावरण देने के लिए कड़ी मेहनत कर रहे हैं। मैंने कुछ ट्वीट्स देखने के बाद उन सज्जनों से व्यक्तिगत रूप से बात की है, जो इसका शिकार हुए हैं, और अब हम मामले को लेकर स्टीवर्ड्स से बात कर रहे हैं।

एजबेस्टन में किसी को भी किसी भी प्रकार के दुर्व्यवहार का शिकार नहीं होना चाहिए। जैसे ही हमें इस मामले को लेकर पुख्ता सबूत मिल जाते हैं, हम इस मुद्दे को जल्द से जल्द हल करने की कोशिश करेंगे।” वहीं ECB ने एक बयान में कहा: “हम नस्लवादी दुर्व्यवहार की खबरें सुनकर बहुत परेशान हैं। हम एजबेस्टन में अपने सहयोगियों के संपर्क में हैं, जो इस मामले की जांच करेंगे। क्रिकेट में नस्लवाद के लिए कोई जगह नहीं है।”

close whatsapp