आरपी सिंह ने भारत बनाम पाकिस्तान मैच से पहले केएल राहुल के लिए ये क्या कह दिया!
केएल राहुल पाकिस्तान के खिलाफ ग्रुप मैच में शून्य पर आउट हुए थे।
अद्यतन - Sep 3, 2022 7:28 pm

एशिया कप 2022 के सुपर-4 में भारत और पाकिस्तान एक बार फिर 4 सितंबर को दुबई अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में आमने-सामने होंगे। एक तरफ जहां टीम इंडिया यह मैच जीतकर जारी एशिया कप 2022 में आगे बढ़ना चाहेगी, वहीं पाकिस्तान क्रिकेट टीम ग्रुप मैच में भारत से मिली पांच विकेट की हार का बदला लेने मैदान में उतरेगी।
आपको बता दें, पाकिस्तान के खिलाफ पिछले मुकाबले में भारत ने युवा विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋषभ पंत की जगह अनुभवी दिनेश कार्तिक को मौका दिया था, और टीम का यह फैसला कुछ लोगों को खास भाया नहीं था। हालांकि, हांगकांग के खिलाफ टीम इंडिया ने दिनेश कार्तिक और ऋषभ पंत दोनों को मौका दिया था, लेकिन पाकिस्तान के खिलाफ उन्हें दोनों में से किसी एक विकेटकीपर-बल्लेबाज को चुनना पड़ सकता है।
इस मुद्दे पर अपने विचार साझा करते हुए पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज आरपी सिंह ने कहा है कि संघर्षरत सलामी बल्लेबाज केएल राहुल या दिनेश कार्तिक में से एक को पाकिस्तान के खिलाफ आराम दिया जाना चाहिए ताकि ऋषभ पंत को भारत की प्लेइंग इलेवन में शामिल किया जा सके।
ऋषभ पंत को पाकिस्तान के खिलाफ मौका मिलना चाहिए: आरपी सिंह
आपको बता दें, केएल राहुल काफी लंबे समय से मैदान में वापसी करने के कारण बल्ले के साथ संघर्ष कर रहे हैं, और पिछले मैच में पाकिस्तान के खिलाफ बिना खाता खोले ही पवेलियन लौटे थे, इसलिए यह देखना दिलचस्प होगा कि भारत 4 सितंबर को भी सलामी बल्लेबाज के साथ आगे बढ़ता है या नहीं।
आरपी सिंह ने इंडिया टीवी के हवाले से कहा: “मुझे लगता है कि डीके (दिनेश कार्तिक) और केएल राहुल में से किसी एक को पाकिस्तान के खिलाफ आराम देने की जरूरत है, क्योंकि मेरा मानना है कि ऋषभ पंत प्लेइंग इलेवन में जगह पाने के हकदार हैं। वह एक मैच विजेता है, और अगर वह अच्छा खेलता है, तो फिर उसका भारत को जीत दिलाना तय होता है।
डीके ने पाकिस्तान के खिलाफ विकेट कीपिंग की थी, लेकिन फिर हांगकांग के खिलाफ पंत ने बतौर विकेटकीपर खेला था, जिसने मुझे थोड़ा भ्रमित किया। चूंकि डीके ने पाकिस्तान के खिलाफ विकेट कीपिंग की थी, इसलिए मुझे लगता है कि वह अगले मैच के लिए भी भारत की पहली पसंद होंगे।”
जब उनसे पूछा गया कि आप केएल राहुल और दिनेश कार्तिक में से किसे पाकिस्तान के खिलाफ भारत की प्लेइंग इलेवन में नहीं देखना चाहेंगे, जिस पर पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज ने कहा: “मुझे केएल राहुल में वो बात नजर नहीं आ रही है, उसमे कुछ करने का जज्बा नहीं दिख रहा है। जब मैं उसकी बॉडी लैंग्वेज को देखता हूं, तो ऐसा लगता है कि वह कुछ नहीं कर सकता। उसे और समय चाहिए। जब से उन्होंने चोट के बाद वापसी की है, तब से उनकी टाइमिंग और मैच की परिस्थितियों को पढ़कर खेलने की क्षमता थोड़ी चिंतनीय लग रही है।”