ब्रैड हॉग ने जसप्रीत बुमराह को लेकर टीम इंडिया को दी अहम सलाह
जसप्रीत बुमराह खेल के सभी प्रारूपों में भारत के शीर्ष गेंदबाज है।
अद्यतन - जुलाई 16, 2022 4:36 अपराह्न

ऑस्ट्रेलिया के पूर्व स्पिनर और क्रिकेट पंडित ब्रैड हॉग का मानना है कि भारत को जसप्रीत बुमराह के कार्यभार को चतुराई से प्रबंधित करना जारी रखना चाहिए ताकि वह टेस्ट मैचों या टी-20 वर्ल्ड कप 2022 जैसी महत्वपूर्ण प्रतियोगिताओं के लिए अपने चरम पर रह सकें।
जसप्रीत बुमराह खेल के सभी प्रारूपों में भारत के शीर्ष गेंदबाज है, और वह इस समय शानदार फॉर्म में है। उन्हें बीच-बीच में कई मैचों के लिए आराम दिया जाता है, और पूर्व ऑस्ट्रेलियाई स्पिनर का मानना है कि टीम इंडिया को यह लगातार करने की जरूरत है, अगर वे चाहते है कि स्टार तेज गेंदबाज शानदार प्रदर्शन करना जारी रखे।
जसप्रीत बुमराह के वर्कलोड को मैनेज करना बहुत जरूरी है: ब्रैड हॉग
ब्रैड हॉग ने टूरिज्म वेस्टर्न ऑस्ट्रेलिया के एक कार्यक्रम के दौरान हिंदुस्तान टाइम्स को बताया: “जसप्रीत बुमराह निश्चित रूप से दुनिया के सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजों की लिस्ट में शामिल होने के लिए चल पड़े हैं। लेकिन मुझे लगता है कि दुनिया भर के सभी तेज गेंदबाजों का सावधानी से प्रबंधन करना अति महत्वपूर्ण है, क्योंकि वे अपनी टीम के सबसे महत्वपूर्ण अंग होते हैं। हां, मैं मानता हूं आपके पास बल्लेबाज और स्पिनर भी है, लेकिन स्पिनरों पर काम का बोझ तेज गेंदबाजों जितना कठोर नहीं होता है, इसलिए उनके वर्कलोड को मैनेज करना बहुत जरूरी होता है।”
उन्होंने आगे कहा: “यदि आप चाहते हैं कि बुमराह टेस्ट क्रिकेट, टी-20 विश्व कप और अन्य बड़े टूर्नामेंटों के लिए वह गेंद के साथ अपने चरम पर हों, तो आपके मेडिकल स्टाफ को चतुराई बरतनी होगी। जब आप टीमों की आलोचना कर रहे होते हैं और जब आप बुमराह को इतना अच्छा प्रदर्शन नहीं करते देखते हैं, तो शायद यह एक ऐसा समय होता है, जब भारतीय गेंदबाज के ट्रेनिंग का भार कम हो जाता है।”
ब्रैड हॉग ने अंत में कहा: “चलिए मैं आपको एक राज की बात बताता हूं। 2003 वर्ल्ड कप से पहले हमें एक टेस्ट सीरीज खेलनी थी, और हम चाहते थे कि ब्रेट ली टूर्नामेंट के दौरान चरम पर रहे। उन्होंने 2003 वर्ल्ड कप में अपने करियर की कुछ सबसे तेज गेंदें फेंकी, और ऐसा इसलिए हुआ क्योंकि उन्होंने फिजियो के साथ हर चीज की योजना बनाई ताकि वह उस वर्ल्ड कप में शीर्ष पर पहुंच सकें।”