मोहम्मद सिराज ने विराट कोहली से बात करने के बाद इंग्लैंड टीम को एक ही ओवर में दिए 2 बड़े झटके
मोहम्मद सिराज के इस ओवर ने भारतीय टीम को मैच में बेहतर शुरुआत दिलाने का काम किया था।
CricTracker जूनियर स्टाफ लेखिका
अद्यतन - जुलाई 17, 2022 10:06 अपराह्न

इंग्लैंड और भारत के बीच में खेली जा रही 3 मैचों की वनडे सीरीज का तीसरा मुकाबला मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड ग्राउंड में खेला जा रहा है। जिसमें भारतीय टीम ने टॉस जीतने के बाद गेंदबाजी करने का फैसला लेने में बिल्कुल भी देरी नहीं की। इस मैच में भारतीय टीम ने एक बदलाव किया जिसमें तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह अनफिट होने की वजह से बाहर रहे और उनकी जगह पर मोहम्मद सिराज को शामिल करने का फैसला किया गया।
मोहम्मद सिराज ने अपने इस चयन को पूरी तरह से सही साबित करते हुए अपने पहले ही ओवर में 2 बड़े विकेट जिसमें जॉनी बेयरस्टो और जो रूट को पवेलियन भेजने का काम किया। जिसमें सिराज ने अपने इस ओवर के दौरान एक भी रन नहीं दिया। लेकिन इस ओवर में एक बात जो देखने वाली बात थी वह यह कि ओवर फेंकने से पहले सिराज ने पूर्व कप्तान विराट कोहली से चर्चा की और उनकी सलाह के अनुसार ही गेंद को उस जगह पर फेंका।
इस मैच के पहले ओवर में इंग्लैंड की टीम को काफी तेज शुरुआत मिली थी, जिसमें इंग्लिश ओपनिंग बल्लेबाज जेसन रॉय ने मोहम्मद शमी के एक ही ओवर में तीन चौके लगाते हुए 12 रन बना दिए। जिससे सभी को ऐसा लगा कि इंग्लैंड की टीम इस मैच में एक बड़ा स्कोर बनाने में कामयाब होगी। लेकिन सिराज ने अपने एक ही ओवर से सबकुछ बदलकर रख दिया।
https://twitter.com/The_hitwicket18/status/1548621851810639872
हार्दिक और चहल ने इंग्लैंड की टीम को समेटने में निभाई अहम भूमिका
पारी के दूसरे ओवर में 2 विकेट गंवाने के बाद यह तय हो चुका था कि इंग्लैंड टीम के बल्लेबाजों के लिए आगे की राह आसान नहीं होने वाली है। जिसमें टीम ने 10 ओवर खत्म होने से पहले टीम ने जेसन रॉय के रूप में अपना तीसरा विकेट गंवा दिया। हालांकि इंग्लैंड टीम के कप्तान जोस बटलर ने जरूर 60 रनों की पारी खेली लेकिन वह भी अपनी टीम को सिमटने से नहीं बचा सके।
इंग्लैंड की पारी इस मुकाबले में 45.5 ओवरों में 259 रन बनाकर सिमट गई जिसमें हार्दिक पांड्या ने जहां 4 विकेट हासिल किए वहीं युजवेंद्र चहल के खाते में भी 3 विकेट आए। इसके अलावा सिराज ने 2 जबकि रवींद्र जडेजा ने 1 विकेट अपने नाम किया।