मेरे माता-पिता को अच्छा नहीं लगता था मेरा क्रिकेट खेलना: हारिस रऊफ - क्रिकट्रैकर हिंदी

मेरे माता-पिता को अच्छा नहीं लगता था मेरा क्रिकेट खेलना: हारिस रऊफ

मेरे माता-पिता ने मुझे शुरुआत में क्रिकेट खेलने के लिए मना किया था। लेकिन मैं बिना किसी को बताए अलग-अलग शहरों में जाकर टेप बॉल क्रिकेट खेलता था: हारिस रऊफ

Haris Rauf
Haris Rauf. (Photo Source: Getty Images)

पाकिस्तान के तेज गेंदबाज हारिस रऊफ ने बताया कि जब वह छोटे थे तब उनके माता-पिता नहीं चाहते थे कि वो क्रिकेट खेले। रऊफ ने बताया कि वो बिना किसी को कुछ बताए टेप बॉल क्रिकेट खेलने चले जाते थे। हारिस रऊफ ने मंगलवार (19 जुलाई) को द ग्रेड क्रिकेटर यूट्यूब चैनल में बताया कि तमाम पाकिस्तानी माता-पिता अपने बच्चों को कोई भी खेल नहीं खेलने देते।

उन्होंने कहा कि, ‘पाकिस्तान में सभी खिलाड़ी टेप बॉल से क्रिकेट की शुरुआत करते हैं। मैंने भी टेप बॉल से ही शुरुआत की थी। मैंने सड़कों में और मैदानों में बहुत टेप बॉल क्रिकेट खेला है। पाकिस्तान में ज्यादातर माता-पिता अपने बच्चों को क्रिकेट या कोई भी खेल खेलने के लिए मना करते हैं। मेरे माता पिता ने भी मुझे शुरुआत में क्रिकेट खेलने के लिए मना किया था। लेकिन मैं बिना किसी को बताए अलग-अलग शहरों में जाकर टेप बॉल क्रिकेट खेलता था।

2017 में लाहौर कलंदर्स के कोचिंग स्टाफ ने ओपन ट्रायल के दौरान हारिस रऊफ की बेहतरीन गेंदबाजी को देखा और उनको काफी अच्छा लगा। उसके बाद से ही हारिस रऊफ ने सिर्फ PSL में नहीं बल्कि अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में भी बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए तमाम दिग्गज क्रिकेटरों का विकेट अपने नाम किया।

हारिस रऊफ ने बताया लाहौर कलंदर्स के चयनकर्ताओं के साथ हुआ एक मजेदार किस्सा

हारिस रऊफ ने बताया कि कैसे उनकी तेज गेंदबाजी को देखकर लाहौर कलंदर्स के चयनकर्ताओं ने स्पीड गन को कई बार ध्यान से देखा की कहीं वो खराब तो नहीं हो गई है। हालांकि फ्रेंचाइजी ने उन्हें तब अपनी टीम में शामिल कर दिया जब उन्होंने 92.3 एमपीएच की तेज गति से गेंद फेंकी।

रऊफ ने कहा कि, ‘2017 में मैं लाहौर कलंदर्स के ट्रायल में गया था। तब तक मुझे नहीं पता था कि मैं इतनी तेज गेंदबाजी करता हूं। आखिरी राउंड में मैंने पहली गेंद 88 एमपीएच की गति से फेंकी और दूसरी गेंद 90 एमपीएच की गति से। वो स्पीड गन को देखने लग गए थे कि कहीं वो खराब तो नहीं है। उन्होंने मुझे कहा कि एक और गेंद फेंको और मैंने 92.3 एमपीएच की गति से आखिरी गेंद फेंकी जिसके बाद उन्होंने मुझे टीम में शामिल कर लिया।

हारिस रऊफ ने 13 वनडे मुकाबलों में 23 विकेट्स झटके हैं जबकि 35 टी-20 मुकाबलों में उन्होंने 42 विकेट्स अपने नाम किए हैं।

close whatsapp