कोच द्रविड़ के साथ वायरल रील पर धवन ने तोड़ी चुप्पी, कहा– काम के साथ मस्ती भी जरूरी
हाल ही में शिखर धवन का एक रील हुआ था वायरल।
अद्यतन - जुलाई 22, 2022 3:34 अपराह्न

वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज से पहले टीम इंडिया के कप्तान शिखर धवन ने टीम के साथ अपने बॉन्डिंग को लेकर राय साझा की है। उनका मानना है कि कड़ी मेहनत के अलावा एक यूनिट के तौर पर मस्ती करना भी बहुत जरूरी है। उन्होंने मैच से पहले हुए प्रेस कॉन्फ्रेस में अपने वायरल इंस्टाग्राम रील को लेकर बात की जिसमें मुख्य कोच राहुल द्रविड़ भी शामिल थे। अनुभवी क्रिकेटर ने कहा कि उनका हंसमुख स्वभाव उन्हें टीम के भीतर खिलाड़ियों के साथ एक अच्छा बांड बनाने में मदद करता है।
धवन की अगुवाई वाली भारतीय टीम तीन मैचों की एकदिवसीय सीरीज में वेस्टइंडीज से भिड़ेगी, जो शुक्रवार (22 जुलाई) से त्रिनिदाद के पोर्ट ऑफ स्पेन में शुरू होगी। कुछ दिनों पहले धवन के इंस्टाग्राम पर एक मजेदार रील वायरल हुई थी जिसमें भारतीय खिलाड़ी ‘हे’ ट्रेंड में हाथ आजमाते नजर आए थे।
काम के दौरान मस्ती करना बहुत जरूरी है- शिखर धवन
धवन के अलावा, उस वीडियो क्लिप में श्रेयस अय्यर, ईशान किशन, युजवेंद्र चहल, शुभमन गिल, रवींद्र जडेजा और मोहम्मद सिराज नजर आ रहे हैं। इस वीडियो में बाकी खिलाड़ियों के साथ-साथ हेड कोच राहुल द्रविड़ भी नजर आए और उन्हें देखकर फैंस को भी काफी हैरान हुए।
मैच से पहले हुए प्रेस कॉन्फ्रेंस में हुए उस वायरल रील को लेकर बात करते हुए शिखर धवन ने कहा कि, “मुझे लगता है कि मेरे स्वभाव और ऊर्जा के कारण मैं सभी के साथ अच्छी तरह से घुलने-मिलने में सक्षम हूं। काम के दौरान मस्ती करना बहुत जरूरी है। काम चलता रहता है, लेकिन वह मस्ती एक बहुत अच्छा बंधन बनाती है, जैसा कि आपने मेरी रील में देखा, जिसमें राहुल भाई भी थे।”
उन्होंने आगे कहा कि, “पूरी टीम वहां रील में थी। इन दिनों रीलें हैं, पहले टीम डिनर या टीम गतिविधियां होती थीं। यह टीम बॉन्ड को मजबूत बनाता है। किसी अन्य माध्यम से या फिर इस तरह की रीलों के माध्यम से लोगों को खुश करना भी अच्छा लगता है।”