CWG 2022 में पाकिस्तान पर भारत की शानदार जीत के साथ हरमनप्रीत कौर ने तोड़ा एमएस धोनी का बड़ा रिकॉर्ड - क्रिकट्रैकर हिंदी

CWG 2022 में पाकिस्तान पर भारत की शानदार जीत के साथ हरमनप्रीत कौर ने तोड़ा एमएस धोनी का बड़ा रिकॉर्ड

भारत का CWG 2022 में अगला मैच 3 अगस्त को बारबाडोस महिला टीम के खिलाफ है।

Harmanpreet Kaur (Image Source: Twitter)
Harmanpreet Kaur (Image Source: Twitter)

बर्मिंघम में जारी कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 (राष्ट्रमंडल खेलों 2022) में भारत की शुरूआत निराशाजनक रही, लेकिन उन्होंने टूर्नामेंट में अपने दूसरे मैच में शानदार वापसी की। भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने 31 जुलाई को एजबेस्टन में कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 के ग्रुप ए मैच में पाकिस्तान को 8 विकेट से मात देकर CWG में शानदार वापसी की।

जानिए मैच की कहानी

पाकिस्तान महिला क्रिकेट टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया, और उनका यह निर्णय उन पर भारी पड़ गया, क्योंकि भारतीय गेंदबाजों की तूफानी गेंदबाजी के आगे वे टिक नहीं पाए और 18 ओवरों में ही मात्र 99 रनों पर आल-आउट हो गए। विकेटकीपर बल्लेबाज मुनीबा अली ने पाकिस्तान के लिए सर्वाधिक 32 रन बनाए जबकि बाकी अन्य बल्लेबाज 20 रनों के आंकड़े तक पहुंच तक नहीं पाए।

भारतीय महिला टीम के लिए स्नेह राणा और राधा यादव ने दो-दो विकेट चटकाए, जबकि रेणुका सिंह, मेघना सिंह और शेफाली वर्मा को एक-एक सफलता मिली। जीत के लिए 100 रनों का पीछा करते हुए भारत को ज्यादा मसक्कत नहीं करनी पड़ी, क्योंकि स्टार सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधना की 42 गेंदों में नाबाद 63 रनों की पारी के बदलौत भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने 12 ओवरों के भीतर ही यह लक्ष्य हासिल कर लिया।

स्मृति मंधना ने अपनी तूफानी पारी के दौरान 8 चौके और 3 छक्के लगाए। वहीं पाकिस्तान के लिए तुबा हसन और ओमैमा सोहेल ने एक-एक विकेट लिया। यह जीत भारत की कप्तान हरमनप्रीत कौर के लिए बेहद खास रही, क्योंकि इस जीत के साथ अनुभवी क्रिकेटर ने एक बड़ी उलब्धि भी हासिल की है।

हरमनप्रीत कौर ने तोड़ा एमएस धोनी का रिकॉर्ड

भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर ने पुरुष क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान एमएस धोनी का एक भारतीय कप्तान के रूप में टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे अधिक मैचों में जीत का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। अब हरमनप्रीत कौर बतौर भारतीय कप्तान सबसे अधिक T20I मैच जीतने वाली भारतीय खिलाड़ी बन गई हैं।

कौर ने अब 71 T20I मैचों में भारत की कप्तानी की है, जिसमें उन्होंने बतौर कप्तान 42 मैच जीते और 26 हारे, वहीं तीन मैचों का कोई परिणाम नहीं निकला। वहीं दूसरी ओर, भारत के दिग्गज क्रिकेटर एमएस धोनी  बतौर कप्तान 72 में से 41 T20I मैच जीतने में सफल रहे। उन्होंने 2007 में भारत को टी-20 वर्ल्ड कप का खिताब दिलाया था।

आपको बता दें, भारत का CWG 2022 में अगला मैच 3 अगस्त को बारबाडोस महिला टीम के खिलाफ है। ग्रुप ए की सभी टीमों भारत, बारबाडोस और ऑस्ट्रेलिया सभी के पास फिलहाल दो-दो अंक हैं, लेकिन हरमनप्रीत कौर की टीम बेहतर नेट रन रेट के कारण अंक तालिका में शीर्ष पर है, जबकि पाकिस्तान शून्य अंको के साथ सबसे नीचे है।

 

close whatsapp