एशिया कप 2022 का शेड्यूल आया सामने, 28 अगस्त को होगा भारत-पाकिस्तान के बीच महामुकाबला
28 अगस्त को होगा भारत-पाकिस्तान के बीच होने वाला महा-मुकाबला।
अद्यतन - Aug 2, 2022 6:16 pm

रोहित शर्मा की अगुवाई वाली टीम इंडिया 28 अगस्त को दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में बाबर आजम की कप्तानी पाकिस्तान का सामना करेगी। एशिया कप 2022 के पूरे शेड्यूल का ऐलान एशियन क्रिकेट काउंसिल यानी एसीसी ने कर दिया है। एसीसी के चेयरमैन जय शाह ने शेड्यूल का ऐलान किया है। मेगा इवेंट 27 अगस्त को श्रीलंका और अफगानिस्तान के बीच मैच के साथ शुरू होगा।
एशियन क्रिकेट काउंसिल के चेयरमैन और बीसीसीआई के सचिव जय शाह ने ट्वीट करते हुए लिखा है, “इंतजार आखिरकार खत्म हो गया, क्योंकि एशियाई वर्चस्व की लड़ाई 27 अगस्त को शुरू हो रही है और 11 सितंबर को फाइनल मुकाबला खेला जाएगा। एशिया कप का 15वां संस्करण आईसीसी टी20 विश्व कप से पहले आदर्श तैयारी का काम करेगा।” इस टूर्नामेंट में कुल 6 टीमें हिस्सा लेने वाली हैं।
इस टूर्नामेंट में भारत, पाकिस्तान, बांग्लादेश, श्रीलंका और अफगानिस्तान के अलावा एक टीम क्वालीफायर के जरिए एशिया कप 2022 का हिस्सा होगी। एशिया कप के इस सीजन की मेजबानी श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड के पास है, लेकिन ये टूर्नामेंट यूएई में खेला जाएगा। एसीसी ने इस टूर्नामेंट के लिए दुबई और शारजाह को चुना है, जहां 16 दिन में फाइनल समेत कुल 13 मुकाबले खेले जाने हैं।
भारत एशिया कप में गत चैंपियन है। उन्होंने चार साल पहले यूएई में ही टूर्नामेंट जीता था। लेकिन उस समय ये वनडे फॉर्मेट में खेल गया था। एशिया कप इस साल 20 ओवर के प्रारूप में वापस आ गया है। यह 2016 में भी टी 20 प्रारूप में खेला गया था और उस संस्करण में भी एमएस धोनी की कप्तानी में भारत ने टूर्नामेंट जीता था।
एशिया कप 2022 का पूरा शेड्यूल
*27 अगस्त – श्रीलंका बनाम अफगानिस्तान – दुबई
*28 अगस्त – भारत बनाम पाकिस्तान – दुबई
*30 अगस्त – बांग्लादेश बनाम अफगानिस्तान – शारजाह
*31 अगस्त – भारत बनाम क्वालीफायर – दुबई
*1 सितंबर – श्रीलंका बनाम बांग्लादेश – दुबई
*2 सितंबर – पाकिस्तान बनाम क्वालीफायर – शारजाह
*3 सितंबर – बी1 बनाम बी2 – शारजाह
*4 सितंबर – ए1 बनाम ए2 – दुबई
*6 सितंबर – ए1 बनाम बी1 – दुबई
*7 सितंबर – ए2 बनाम बी2 – दुबई
*8 सितंबर – ए1 बनाम बी2 – दुबई
*9 सितंबर – बी1 बनाम ए2 – दुबई
*फाइनल मैच – 11 सितंबर – 1st सुपर 4 बनाम 2nd सुपर 4 टीम – दुबई