भारतीय टीम के फ्लोरिडा जाने से पहले रोहित शर्मा की फिटनेस पर आई जरूरी अपडेट - क्रिकट्रैकर हिंदी

भारतीय टीम के फ्लोरिडा जाने से पहले रोहित शर्मा की फिटनेस पर आई जरूरी अपडेट

भारत के कप्तान रोहित शर्मा तीसरे T20I मैच में वेस्टइंडीज के खिलाफ लक्ष्य का पीछा करते हुए रिटायर्ड हर्ट हो गए थे।

Rohit Sharma (Photo Source: Twitter)
Rohit Sharma (Photo Source: Twitter)

कुछ रिपोर्ट्स की माने तो भारतीय कप्तान रोहित शर्मा वेस्टइंडीज के खिलाफ आखिरी दो टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों के लिए उपलब्ध रहेंगे। दाएं हाथ के बल्लेबाज को तीसरे टी-20 इंटरनेशनल में 5 गेंदों में 11 रन बनाकर रिटायर हर्ट होना पड़ा था। उसके बाद बीसीसीआई ने ट्विटर के जरिए इस बात की पुष्टि की थी कि रोहित की पीठ में दर्द है और मेडिकल टीम उनकी निगरानी कर रही है।

वेस्टइंडीज के खिलाफ तीसरे मैच में जीत दर्ज करने के बाद, रोहित ने मैच के बाद के हुए प्रेजेंटेशन में अपनी चोट पर एक अपडेट किया था। उसमें उन्होंने कहा था कि वह फ्लोरिडा में खेले जाने वाले मुकाबले से वो पूरी तरह से फिट हो जाएंगे।

रोहित शर्मा हुए पूरी तरह से फिट

रोहित ने कहा था कि, “फिलहाल ठीक है। हमारे पास अगले मैच तक कुछ दिन हैं, उम्मीद है कि यह (उनकी चोट) ठीक हो जाएगा।” 35 वर्षीय रोहित ने वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले T20I में 44 गेंदों में 64 रनों की मैच विनिंग पारी खेली थी। इस बीच क्रिकबज की एक रिपोर्ट में यह कहा गया है, “रोहित शनिवार और रविवार को होने वाले आखिरी दो मैचों के लिए उपलब्ध रहेंगे।”

यदि टीम मैनेजमेंट रोहित को अंतिम दो मैचों के लिए आराम देना चाहते हैं तो भारत के पास सलामी बल्लेबाज के रूप में बेंच पर ईशान किशन का विकल्प है। लेकिन तब परेशानी ये होगी की उन मैचों में कप्तानी कौन करेगा। ऋषभ पंत और हार्दिक पांड्या, दोनों ने हाल के दिनों में भारत का नेतृत्व किया है और अगर भारत रोहित को आराम देने का फैसला करता है तो इन्हीं में से किसी एक को कप्तान बनाया जा सकता है।

इस बीच एक खबर ये भी है कि, गुयाना सरकार के हस्तक्षेप के बाद भारत और वेस्टइंडीज टीम को यूएस का वीजा मिल गया है और जल्द टीमें फ्लोरिडा के लिए रवाना होंगी। सीरीज के बाकी मैच फ्लोरिडा में होंगे, जो यूएसए की टेरिटरी है। ये दोनों मैच 6 और 7 अगस्त को खेले जाएंगे।

close whatsapp