बांग्लादेश को पहले वनडे में करारी मात देकर जिम्बाब्वे ने ट्विटर पर लूटी वाहवाही - क्रिकट्रैकर हिंदी

बांग्लादेश को पहले वनडे में करारी मात देकर जिम्बाब्वे ने ट्विटर पर लूटी वाहवाही

दूसरा वनडे 7 अगस्त को हरारे में खेला जाना है।

Sikandar Raza of Zimbabwe. (Photo Source: Twitter)
Sikandar Raza of Zimbabwe. (Photo Source: Twitter)

सिकंदर रजा और इनोसेंट कैया ने 6 अगस्त को शानदार शतक जड़कर जिम्बाब्वे को निराशाजनक शुरूआत के बावजूद तीन मैचों की वनडे सीरीज के पहले मैच में बांग्लादेश को पांच विकेट से मात देने में मदद की।

जिम्बाब्वे क्रिकेट टीम ने घरेलू सीरीज में बांग्लादेश के खिलाफ अपना शानदार फॉर्म जारी रखते हुए तीन मैचों की वनडे सीरीज में 1-0 से बढ़त हासिल कर ली है। जिम्बाब्वे ने हाल ही में बांग्लादेश के खिलाफ 2-1 से T20I सीरीज जीती थी, जिसके बाद अब पहले वनडे में रोमांचक जीत दर्ज कर घरेलू सीरीज में अपना विजय पताका जारी रखा।

जिम्बाब्वे ने बांग्लादेश को पहले वनडे में दी करारी मात

हरारे में टॉस जीतने के बाद जिम्बाब्वे ने पहले गेंदबाजी का फैसला किया, जिसके बाद बांग्लादेश ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवरों में दो विकेट के नुकसान पर 303 रनों का स्कोर खड़ा किया। इस मैच में तमीम इकबाल (62), लिटन दास (81), अनामुल हक (73) और मुशफिकुर रहीम (52*) ने शानदार अर्धशतक लगाए और बांग्लादेश क्रिकेट टीम को जिम्बाब्वे के सामने जीत के लिए 304 रनों का लक्ष्य रखने में मदद की।

जीत के लिए 304 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए घरेलू जिम्बाब्वे टीम ने अपने सलामी बल्लेबाजों रेजिस चकाबवा और तारिसाई मुसकंडा को बोर्ड पर केवल 6  रन के स्कोर पर खो दिया। 62 के स्कोर तक पहुंचने के बाद जिम्बाब्वे को वेस्ली मधेवेरे के रूप में तीसरा झटका लगा।

लेकिन फिर फैंस को मेजबान टीम की ओर से दमदार बल्लेबाजी देखने को मिली। सिकंदर रजा (135*) और इनोसेंट कैया (110) ने चौथे विकेट के लिए 192 रन जोड़े और जिम्बाब्वे को 10 गेंदे शेष रहते शानदार जीत के लिए 307/5 के स्कोर पर पहुंचा दिया। वहीं मुस्तफिजुर रहमान, शोरफुल इस्लाम, मेहदी हसन और मोसादेक हुसैन ने बांग्लादेश के लिए एक-एक विकेट लिया। सिकंदर रजा को बेहतरीन बल्लेबाजी प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

यहां देखिए कैसे ट्विटर पर फैंस ने जिम्बाब्वे की बांग्लादेश पर रोमांचक जीत पर प्रतिक्रिया दी –

close whatsapp