रातों रात बांग्लादेश टीम के लिए सब कुछ नहीं बदल जाएगा- शाकिब अल हसन
बांग्लादेश एशिया कप के 2016 और 2018 संस्करण का उपविजेता रहा था।
अद्यतन - Aug 21, 2022 10:37 am

बांग्लादेश के अनुभवी ऑलराउंडर और कप्तान शाकिब अल हसन ने सभी को अपनी सोच को लेकर प्रैक्टिकल होने के लिए कहा है। उनका मानना है कि एक या दो दिन में टीम की किस्मत में सुधार करना असंभव है। बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने शाकिब को आगामी एशिया कप 2022 और T20 विश्व कप के लिए अपना T20I कप्तान नियुक्त किया है।
टी-20 फॉर्मेट में बांग्लादेश का हालिया रिकॉर्ड काफी खराब रहा है और उसी को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है। बांग्लादेश पिछले 46 टी- 20 मैचों में से केवल 19 जीतने में सफल रहे हैं। बांग्लादेश का रिकॉर्ड इतना निराशाजनक है कि यूएई में खेले गए 2021 टी-20 विश्व कप के बाद से पिछले 11 टी-20 मैचों में बांग्लादेश ने केवल दो जीत दर्ज की हैं।
मेरा लक्ष्य टी-20 वर्ल्ड कप में अच्छा प्रदर्शन करना है- शाकिब अल हसन
क्रिकबज के हवाले से शाकिब अल हसन ने कहा कि, “मेरा कोई लक्ष्य नहीं है। मेरा एक ही लक्ष्य है कि हम विश्व कप में अच्छा प्रदर्शन कर सकें और इसके लिए ये तैयारियां हैं। अगर कोई सोचता है कि मैं एक या दो दिनों के भीतर चीजों को बदल सकता हूं या कोई और इसे बदलने के लिए आएगा, तो यह गलत सोच है। यदि आप व्यावहारिक रूप से सोचने में सक्षम हैं, तो हमारा असली विकास तब देखा जाएगा जब टीम तीन महीने के समय में विश्व कप में वास्तव में अच्छा प्रदर्शन करेगी।”
उन्होंने आगे कहा कि, “देखिए, हमने पहली बार 2006 में इस प्रकार का प्रारूप खेला था। तब से, हमारे पास एशिया कप फाइनल को छोड़कर अच्छे परिणाम नहीं आए हैं। हम इस संस्करण में उस पॉइंट से बहुत पीछे हैं इसलिए हमारे पास एक नई शुरुआत करने के अलावा कोई विकल्प नहीं है।”
बांग्लादेश 27 अगस्त से शुरू होने वाले आगामी एशिया कप 2022 में अच्छा प्रदर्शन करने की कोशिश करेगा। बांग्लादेशी टीम 2016 और 2018 में पिछले दो संस्करणों के उपविजेता रहे थे।