क्या एशिया कप 2022 में भारत को खलेगी जसप्रीत बुमराह की कमी? जानिए संजय बांगर की राय - क्रिकट्रैकर हिंदी

क्या एशिया कप 2022 में भारत को खलेगी जसप्रीत बुमराह की कमी? जानिए संजय बांगर की राय

जसप्रीत बुमराह की अनुपस्थिति में भुवनेश्वर कुमार को एशिया कप 2022 में गेंद के साथ अधिक जिम्मेदारी लेनी होगी।

Sanjay Bangar and Jasprit Bumrah (Image Source: Twitter)
Sanjay Bangar and Jasprit Bumrah (Image Source: Twitter)

भारत के पूर्व बल्लेबाजी कोच संजय बांगर का मानना है कि टीम इंडिया को आगामी एशिया कप 2022 में डेथ ओवरों की तुलना में बीच के ओवरों में जसप्रीत बुमराह की कमी अधिक खलेगी।

इस साल टी-20 प्रारूप में खेला जाने वाला एशिया कप 2022 यूएई (UAE) में 27 अगस्त से 11 सितंबर तक खेला जाएगा। हालांकि, जसप्रीत बुमराह पीठ की चोट के कारण एशिया कप 2022 से बाहर हो गए हैं, जहां भारत अपने अभियान की शुरुआत पाकिस्तान के खिलाफ 28 अगस्त को दुबई में करेगा।

संजय बांगर ने बताया कहां भारत को जसप्रीत बुमराह की कमी खलेगी

स्टार स्पोर्ट्स के शो ‘फॉलो द ब्लूज’ पर चर्चा के दौरान जब संजय बांगर से बुमराह की अनुपस्थिति में भारतीय क्रिकेट टीम के गेंदबाजी अटैक पर उनके विचार साझा करने कहा गया, तो उन्होंने कहा भारत को डेथ ओवरों में बुमराह की कमी नहीं खलेगी, क्योंकि उनके पास बाएं-हाथ के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह हैं, लेकिन उनकी अनुपस्थिति से भुवनेश्वर कुमार पर जिम्मेदारियां ज्यादा बढ़ जाएगी।

संजय बांगर ने स्टार स्पोर्ट्स के शो ‘फॉलो द ब्लूज’ पर कहा: “अर्शदीप सिंह एक अच्छा विकल्प है, जो अच्छी यॉर्कर फेंकता है और साथ ही बहुत नियंत्रण रखता है। वह डेथ ओवरों में गेंदबाजी करने के लिए एक उत्कृष्ट विकल्प है, इसलिए आगामी एशिया कप 2022 में डेथ ओवरों में बुमराह की उतनी कमी महसूस नहीं होगी, लेकिन भारतीय टीम को बीच के ओवरों में उनकी कमी जरूर महसूस होगी।

मुझे लगता है कि बुमराह की अनुपस्थिति में भुवनेश्वर कुमार को गेंद के साथ अधिक जिम्मेदारी लेनी होगी, जिसका मतलब है कि उन्हें शुरुआत में दो ओवर डालने होंगे और फिर आखिरी चार ओवरों में दो ओवर फेंकने होंगे, जो उनकी ताकत है। मैं उस ओवर के बारे में बात करना चाहता हूं, जहां टीम बीच के ओवरों में बुमराह का इस्तेमाल करती है, और मुझे लगता है कि टीम को वहां उनकी कमी जरूर महसूस होगी।”

close whatsapp