विराट और बाबर आजम की वायरल तस्वीर को लेकर सकलैन मुश्ताक ने दिया बड़ा बयान
क्रिकेट का खेल इंसानियत की सीख देती है- सकलैन मुश्ताक
अद्यतन - Aug 26, 2022 12:39 pm

28 अगस्त को दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में एशिया कप 2022 ग्रुप ए फिक्स्चर में पाकिस्तान और भारत की टीमें एक-दूसरे से भिड़ेंगी। इस मैच की इंटेंसिटी को लेकर बहुत सारी बातें हुई हैं। लेकिन बाबर आजम और विराट कोहली की अभ्यास सत्र के दौरान एक साथ बातचीत करने की तस्वीर जो सोशल मीडिया पर वायरल हुई है वो दोनों देशों के फैंस को काफी पसंद आ रहा है।
आपको बता दें कि, कोहली और आजम आधुनिक युग में सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाजों में से हैं। हालांकि विराट का फॉर्म इस वक्त अच्छा नहीं है। भारत और पाकिस्तान के बीच पिछली मुलाकात पिछले साल टी-20 विश्व कप 2021 में हुई थी जहां पाकिस्तान को दस विकेट से जीत मिली थी। दोनों देशों के बीच नकारात्मक भावनाओं और राजनीतिक तनाव के बावजूद, खिलाड़ी एक-दूसरे के लिए सम्मान बनाए रखने में कामयाब रहे हैं।
बाबर और विराट के बीच की तस्वीर एक अच्छा संदेश देती है: सकलैन मुश्ताक
पाकिस्तान के पूर्व स्पिनर सकलैन मुश्ताक ने हाल ही में इस पर अपनी राय दी है। मीडिया से बातचीत के दौरान सकलैन मुश्ताक ने कहा कि, ‘कुछ साल पहले मैं सभी स्टार्स के साथ एक मैच खेलने गया था। दुनिया के टॉप-25 क्रिकेटर थे और हम एक साथ खेल रहे थे। सचिन तेंदुलकर और शेन वार्न ने सभी को एक साथ किया, उस समय मैंने एक ट्वीट किया था। उस मैच को अमेरिका में सिर्फ भारत और पाकिस्तान के क्रिकेट फैन फॉलो कर रहे थे।’
उन्होंने आगे कहा कि, “भारत और पाकिस्तान दोनों देशों के फैंस ने एक साथ झंडे को सिल दिया था और वे सब इसे एक साथ प्रदर्शित कर रहे थे। तब मैंने ट्वीट किया था कि यह सिर्फ क्रिकेट और मनोरंजन नहीं है। यह लोगों को बहुत सी चीजों को समझने में मदद करता है। क्रिकेट सभी को एक साथ जोड़ रहा है।”
मुश्ताक ने अंत में यह भी कहा कि, “जब हम मैच खेलते हैं तो भावनाएं उत्तेजित हो जाती हैं, लेकिन यह खेल इंसानियत की सीख भी देती है। मुझे लगता है कि कल बाबर और विराट के बीच की तस्वीर एक अच्छा संदेश देती है।’