एशिया कप 2022: सबा करीम ने पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबले के लिए चुनी भारत की प्लेइंग XI
भारत और पाकिस्तान के बीच मुकाबला 28 अगस्त को दुबई में खेला जाएगा।
अद्यतन - Aug 26, 2022 2:03 pm

सबा करीम ने रविवार, 28 अगस्त को दुबई में पाकिस्तान के खिलाफ अपने एशिया कप 2022 के शुरुआती मुकाबले के लिए टीम इंडिया की प्लेइंग इलेवन का चयन किया है। इस मुकाबले के लिए दिनेश कार्तिक और रविचंद्रन अश्विन पूर्व चयनकर्ता के टीम में जगह बनाने में कामयाब नहीं हो सके।
यह टी-20 टूर्नामेंट 27 अगस्त से 11 सितंबर तक यूएई में खेला जाएगा। रोहित शर्मा इस टूर्नामेंट में 15 सदस्यीय भारतीय टीम का नेतृत्व करेंगे, वहीं केएल राहुल उप-कप्तान की भूमिका में नजर आएंगे। स्पोर्ट्स 18 के शो ‘स्पोर्ट्स ओवर द टॉप’ पर बातचीत के दौरान, सबा करीम ने रोहित शर्मा, केएल राहुल और विराट कोहली को इस मुकाबले के लिए टॉप तीन बल्लेबाज के रूप में चुना।
सबा करीम ने कहा कि, “मेरे टॉप ऑर्डर में कप्तान रोहित शर्मा, केएल राहुल और विराट कोहली हैं। मैं पाकिस्तान जैसी बड़ी टीम के खिलाफ और एशिया कप जैसे महत्वपूर्ण टूर्नामेंट में अच्छा प्रदर्शन करने के लिए अनुभवी खिलाड़ियों को टीम में रख रहा हूं। विराट कोहली और केएल राहुल, अगर वे दो या तीन अच्छे अभ्यास सत्र में अच्छा करते हैं तो मुझे यकीन है कि वे भारत के लिए सही समय पर फॉर्म में वापस आ जाएंगे।”
सूर्यकुमार यादव कहीं भी कर सकते हैं बल्लेबाजी- सबा करीम
सूर्यकुमार यादव को नंबर 4 पर बल्लेबाजी के लिए चुनते हुए, सबा करीम ने कहा कि मुंबई इंडियंस के खिलाड़ी को फ्लोटर के रूप में इस्तेमाल किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि, “सूर्यकुमार को मैं एक फ्लोटर के रूप में रख सकता हूं। अगर मेरे दो सलामी बल्लेबाज सातवें या आठवें ओवर तक बल्लेबाजी करते हैं तो मैं उन्हें ऊपर भेज सकता हूं। जरूरत पड़ने पर मैं उन्हें निचले क्रम में भी बल्लेबाजी के लिए भेज सकता हूं।”
पंत और कार्तिक को लेकर उन्होंने कहा कि, “मेरी एकादश में, मैं केवल एक विकेटकीपर-बल्लेबाज चुन सकता था क्योंकि मुझे केएल राहुल और विराट कोहली मिल रहे हैं। इससे मुझे दिनेश कार्तिक और ऋषभ पंत के बीच केवल एक खिलाड़ी चुनने का विकल्प मिलता है। मैं ऋषभ पंत के साथ आगे बढ़ा हूं क्योंकि वह भारत के लिए ऐसे एक्स-फैक्टर हैं।”
अश्विन को बाहर करने के पीछे सबा करीम ने दिया तर्क
वहीं अश्विन को लेकर करीम ने कहा कि, “आर अश्विन 15 में हैं लेकिन मैं उन्हें इलेवन में तभी खेलूंगा जब मैं देखूं कि विपक्षी टीम में तीन-चार बाएं हाथ के खिलाड़ी हैं। लेकिन अभी इलेवन में मेरे शीर्ष दो स्पिनर रवींद्र जडेजा और युजवेंद्र चहल होंगे। जडेजा बल्लेबाजी भी कर सकते हैं और विकेट लेने का विकल्प युजी चहल है।”
सबा करीम द्वारा चुनी गई भारत की प्लेइंग इलेवन: रोहित शर्मा (कप्तान), केएल राहुल, विराट कोहली, सूर्यकुमार यादव, हार्दिक पांड्या, ऋषभ पंत, रवींद्र जडेजा, युजवेंद्र चहल, भुवनेश्वर कुमार, अर्शदीप सिंह, अवेश खान