एशिया कप 2022: पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबले के लिए टीम इंडिया की प्लेइंग-XI का हुआ ऐलान!
पाकिस्तान के खिलाफ होने वाले मैच के लिए रवींद्र जडेजा हो सकते है प्लेइंग XI से बाहर।
अद्यतन - अगस्त 27, 2022 10:47 पूर्वाह्न

टीम इंडिया एशिया कप 2022 के अपने शुरुआती मुकाबले में पाकिस्तान से भिड़ने के लिए तैयार है। यह मैच 28 अगस्त (रविवार) को दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जाएगा। मैच से पहले, दोनों टीमें बड़े मुकाबले के लिए जोर-शोर से अपनी तैयारियों को और भी पुख्ता कर रहे हैं। इस बीच, 26 अगस्त (शुक्रवार) को भारतीय क्रिकेट टीम के आधिकारिक ट्विटर अकाउंट से कई तस्वीरें अपलोड की गई है।
यह सोशल मीडिया पोस्ट शायद पाकिस्तान के खिलाफ होने वाले मुकाबले के लिए टीम इंडिया की प्लेइंग इलेवन की ओर इशारा कर रही थीं। दस तस्वीर वाले पोस्ट की शुरुआत केएल राहुल और कप्तान रोहित शर्मा की एक तस्वीर के साथ हुई, उसके बाद विराट कोहली, सूर्यकुमार यादव, हार्दिक पांड्या, ऋषभ पंत, दिनेश कार्तिक, भुवनेश्वर कुमार, युजवेंद्र चहल, अवेश खान और अर्शदीप सिंह थे।
इसमें हैरान करने वाली बात ये थी कि, इस पोस्ट में रवींद्र जडेजा, रविचंद्रन अश्विन, रवि बिश्नोई और दीपक हुड्डा जैसे खिलाड़ी नहीं थे जो एशिया कप के लिए भारतीय टीम का हिस्सा हैं। इस पोस्ट को पाकिस्तान के खिलाफ महामुकाबले से पहले सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर खूब शेयर किया जा रहा है।
यहां देखिए बीसीसीआई का वो पोस्ट
एशिया कप 2022 में भारत का पहला मुकाबला पाकिस्तान के खिलाफ होगा जो इस वक्त शानदार फॉर्म में है। पाकिस्तान के कप्तान बाबर आजम, सीनियर बल्लेबाज मोहम्मद रिजवान के साथ, उसी प्रदर्शन को दोहराना चाहेंगे जो उन्होंने पिछले साल टी-20 वर्ल्ड कप में भारत के खिलाफ किया था।
हालांकि, उन्हें अपने तेज गेंदबाज शाहीन अफरीदी की कमी खलेगी जो चोट के कारण टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं। इसी तरह टीम इंडिया को भी अपने प्रमुख तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह और हर्षल पटेल की कमी खलेगी। भारतीय फैंस चाहेंगे कि टीम के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली जल्द से जल्द अपने पुराने फॉर्म में लौटें।