विराट कोहली ने अपने 100वें T20I मैच से पहले भारत की आक्रामक अप्रोच पर तोड़ी चुप्पी
भारत बनाम पाकिस्तान मुकाबला T20I क्रिकेट में विराट कोहली का 100वां मैच होगा।
अद्यतन - अगस्त 28, 2022 10:40 पूर्वाह्न

विराट कोहली 28 अगस्त को दुबई अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में एशिया कप 2022 के दूसरे मैच में भारत के चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान से भिड़ने के लिए तैयार हैं। पूर्व भारतीय कप्तान एक छोटे ब्रेक के बाद मैदान में एक्शन में लौट रहे हैं, और भारत बनाम पाकिस्तान मुकाबला T20I क्रिकेट में उनका 100वां मैच होगा।
आपको बता दें, भारत और पाकिस्तान एक बार फिर दुबई में अपनी प्रतिद्वंद्विता को प्रज्वलित करेंगे, जहां भारतीय क्रिकेट टीम को पिछले साल टी-20 वर्ल्ड कप 2021 के ग्रुप मैच में 10 विकेट की शर्मनाक हार का सामना करना पड़ा था। इस बड़े मुकाबले से पहले, विराट कोहली ने अपनी और टीम की मानसिकता के बारे में बात की। उन्होंने कहा टीम इंडिया हमेशा से ही T20I क्रिकेट में आक्रामक क्रिकेट खेलने की कोशिश करती रही है, लेकिन यह ब्रांड आपको बड़ी प्रतियोगिताओं में हमेशा सफलता की गारंटी नहीं देती है।
कठिन परिस्थितियों में भावनाओं पर नियंत्रण आपको सफलता दिलाती है: विराट कोहली
भारत बनाम पाकिस्तान मुकाबले से पहले स्पोर्ट्स ब्रॉडकास्टर जतिन सप्रू से बात करते हुए विराट कोहली ने कहा: “देखिए, T20I क्रिकेट में हमारी कोशिश हमेशा से आक्रामक क्रिकेट खेलने की रही है। हमने पहले भी कई बड़े स्कोर बनाए हैं और कई बड़े स्कोर का पीछा किया है और कई विदेशी सीरीज जीती है। यह चीज दृढ़ निश्चय के बिना संभव नहीं है।
लेकिन मुझे लगता है कि बड़े टूर्नामेंटों में आपको क्रिकेट का एक निश्चित ब्रांड खेलने की बजाय आपको अधिक जागरूकता और क्रिकेटिंग स्मार्ट होने की आवश्यकता होती है, क्योंकि क्रिकेट खेलने की एक निश्चित शैली शायद किसी विशेष दिन आपके काम न आए।”
उन्होंने आगे कहा: “हमारी टीम के खिलाड़ियों में प्रतिभा और क्षमता दोनों है, जो मैच की स्थिति को समझने और उसके अनुसार खुद को ढालने और खेलने में सक्षम है। बड़े टूर्नामेंट विशेषकर वर्ल्ड कप और एशिया कप में यह मेरा व्यक्तिगत अनुभव रहा है कि आपको स्थिति के अनुसार चलना चाहिए, और जो लोग मैच में कठिन परिस्थितियों में खुद की भावनाओं पर नियंत्रण कर पाते हैं, वे अंततः सफलता पाते हैं।