वित्तीय वर्ष 2022 में लागत बढ़ने से चेन्नई सुपर किंग्स के मुनाफे में आई गिरावट
सीएसके क्रिकेटरों और अन्य एथलीट के लिए नवलूर में एक उच्च प्रदर्शन केंद्र बनाने की योजना बना रही है।
अद्यतन - Aug 28, 2022 3:13 pm

इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) की लोकप्रिय फ्रेंचाइजी चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) का लाभ वित्तीय वर्ष 2022 में बढ़े हुए खर्चों के कारण प्रभावित हुआ है, जिसके बावजूद चेन्नई सुपर किंग्स क्रिकेट लिमिटेड ने कमाई में वृद्धि की घोषणा की है।
चेन्नई सुपर किंग्स क्रिकेट लिमिटेड ने मार्च 2022 को समाप्त हुए वित्तीय वर्ष 2022 में 32.12 करोड़ रूपए का लाभ अर्जित किया है, जिसमें पिछले वर्ष की तुलना 20% की गिरावट देखी गई, हालांकि फ्रेंचाइजी को पिछले वर्ष कुल मुनाफा 349.14 करोड़ रूपए का हुआ है। आपको बता दें, कंपनी ने वित्तीय वर्ष 2021 में 40.26 करोड़ रूपए के शुद्ध लाभ के साथ 253.69 करोड़ रूपए की कुल आय अर्जित की थी।
चेन्नई सुपर किंग्स की शुद्ध आय में आई गिरावट
चेन्नई सुपर किंग्स क्रिकेट लिमिटेड की वित्तीय वर्ष 2022 में कुल आय में वृद्धि इसलिए हुई, क्योंकि फ्रेंचाइजी ने साल 2021 में आईपीएल का खिताब जीता था, और अधिक खर्च के कारण शुद्ध लाभ में उन्हें गिरावट झेलनी पड़ी। आईपीएल 2021 का आयोजन शुरुआत में भारत में किया गया, लेकिन फिर देश में बढ़ते कोरोना के मामलो के कारण टूर्नामेंट को संयुक्त अरब अमीरात में स्थानांतरित कर दिया गया, जिसके कारण कंपनी को 307.81 करोड़ रुपये खर्च करने पड़े, जो वित्त वर्ष 2021 की 194.50 करोड़ रूपए की कुल लागत से लगभग 59% अधिक है।
कंपनी ने अपनी वार्षिक रिपोर्ट 2022 में कहा: “आईपीएल 2021 के दो चरणों में आयोजित होने के कारण हमारे खर्चे में वृद्धि हुई। हालांकि, टीम के आईपीएल खिताब जीतने के कारण हमें अधिक राजस्व मिला।”
फाइनेंसियल एक्सप्रेस की एक रिपोर्ट के अनुसार, चेन्नई सुपर किंग्स क्रिकेट लिमिटेड क्रिकेटरों और अन्य एथलीट को अत्याधुनिक प्रशिक्षण सुविधाएं प्रदान करने के लिए नवलूर में अपनी जमीन पर एक उच्च प्रदर्शन केंद्र बनाने की योजना बना रही है। इस उच्च प्रदर्शन केंद्र में चेन्नई सुपर किंग्स के लिए प्री-मैच अभ्यास सत्र आयोजित करने के लिए एक खेल परिसर और एक क्रिकेट मैदान भी होगा।