शाहिद अफरीदी ने शाहीन अफरीदी के खराब प्रबंधन के लिए पीसीबी और चयनकर्ताओं की आलोचना की
शाहीन अफरीदी घुटने की चोट के कारण एशिया कप 2022 से बाहर हो गए हैं।
अद्यतन - अगस्त 28, 2022 5:08 अपराह्न

पाकिस्तान के पूर्व कप्तान और महान ऑलराउंडर शाहिद अफरीदी ने शाहीन शाह अफरीदी के संयुक्त अरब अमीरात में खेले जा रहे एशिया कप 2022 से बाहर होने के बाद प्रतिभाशील तेज गेंदबाज के खराब प्रबंधन के लिए पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) और पाकिस्तान क्रिकेट टीम प्रबंधन की आलोचना की।
पाकिस्तान के प्रमुख तेज गेंदबाज शाहीन अफरीदी घुटने की चोट से समय पर ठीक होने में विफल रहने के बाद एशिया कप 2022 से बाहर हो गए हैं। यह पाकिस्तान के लिए एक बहुत बड़ा झटका है, क्योंकि युवा तेज गेंदबाज ने पाकिस्तान को दुबई में टी-20 वर्ल्ड कप 2021 के ग्रुप मैच में टीम इंडिया को 10 विकेट से हराने में मदद की थी, और आज 28 अगस्त को उसी मैदान पर एक बार फिर पुराने दुश्मन आमने-सामने होंगे।
पाकिस्तान से शाहीन अफरीदी को मैनेज करने में चूक हुई है: शाहिद अफरीदी
इस बीच, शाहिद अफरीदी ने शाहीन अफरीदी के प्रबंध को लेकर पाकिस्तान के टीम प्रबंधन और चयनकर्ताओं के रवैय्ये पर सवाल उठाया और कहा कि बाएं-हाथ के तेज गेंदबाज से खेल के तीनों प्रारूपों में हर मैच खेलने की उम्मीद नहीं की जा सकती है। उन्होंने आगे कहा पाकिस्तान से शाहीन को मैनेज करने में चूक हुई है।
शाहिद अफरीदी ने स्पोर्ट्स तक के हवाले से कहा: “पाकिस्तान ने शाहीन अफरीदी को ठीक तरह से नहीं संभाला है। आप उसे हर मैच में नहीं खिला सकते हैं, आप तेज गेंदबाजों पर इतना बोझ नहीं डाल सकते हैं, क्योंकि तेज गेंदबाजों की उम्र अधिक नहीं होती है। इसलिए पाकिस्तान को एक मजबूत बेंच स्ट्रेंथ तैयार करने जरूरत है। हमारे पास कुछ अच्छे गेंदबाज हैं, जिन्हें मौका दिया जा सकता है अगर मुख्य खिलाड़ियों को कुछ मैचों के लिए आराम दिया जाए।
हां, ये बिल्कुल शतप्रतिशत सत्य है कि एशिया कप 2022 में शाहीन की अनुपस्थिति से अन्य गेंदबाजों पर अधिक दबाव होगा। मुझे उम्मीद है कि इस हादसे के बाद हमारी बेंच स्ट्रेंथ बढ़ेगी। क्रिकेट का यह खेल किसी एक खिलाड़ी का नहीं, बल्कि मैदान पर उतरने वाले 11 खिलाड़ियों का है, इसलिए शाहीन की अनुपस्थिति में अन्य गेंदबाजों को जिम्मेदारी लेनी होगी, और अच्छा प्रदर्शन करना होगा।”