एशिया कप 2022: पाकिस्तान के खिलाफ मैच में टीम इंडिया से हुई बड़ी गलती - क्रिकट्रैकर हिंदी

एशिया कप 2022: पाकिस्तान के खिलाफ मैच में टीम इंडिया से हुई बड़ी गलती

पाकिस्तान के खिलाफ भारतीय गेंदबाजों ने कमाल का प्रदर्शन किया।

Team India in third ODI against West Indies. (Photo Source: Twitter/BCCI)
Team India in third ODI against West Indies. (Photo Source: Twitter/BCCI)

भारतीय टीम इस समय पाकिस्तान के खिलाफ एशिया कप टूर्नामेंट में मुकाबला खेल रही है। मुकाबले में भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने पहले टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया। पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 19.5 ओवर में सभी विकेट खोकर 147 रन बनाए हैं।

टीम की ओर से विकेटकीपर बल्लेबाज मोहम्मद रिजवान ने सर्वाधिक 42 गेंदों में 43 रनों की पारी खेली। उन्होंने अपनी पारी में 4 चौके और 1 छक्का लगाया। हालांकि पहली पारी खत्म होते ही टीम इंडिया को एक बुरी खबर मिली। भारतीय कप्तान रोहित शर्मा को धीमी ओवर गति का दोषी पाया गया है। इसके चलते भारतीय टीम को आखिरी ओवर में 30 गज के दायरे के बाहर एक फील्डर को कम रखना पड़ा है।

भारत के लिए आखिरी ओवर युवा अर्शदीप डाल रहे थे। इस युवा तेज गेंदबाज ने अपने आखिरी ओवर में 10 रन दिए और पाकिस्तान टीम के आखिरी खिलाड़ी शहनवाज दहानी को उस ओवर की चौथी गेंद पर बोल्ड किया। पाकिस्तान के खिलाफ भारतीय गेंदबाजों ने कमाल का प्रदर्शन किया और उनको 147 रन पर रोका।

पाकिस्तान टीम ने लगातार अंतराल में गंवाए अपने विकेट

भारतीय टीम की ओर से भुवनेश्वर कुमार ने चार विकेट झटके, वहीं ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या ने तीन बल्लेबाजों को पवेलियन की राह दिखाई। अर्शदीप सिंह ने दो और आवेश खान ने एक विकेट झटका। मोहम्मद रिजवान के अलावा इफ्तिखार अहमद ने 28 रन की पारी खेली।

मुकाबले की दूसरी पारी में भारतीय टीम की शुरुआत खराब रही। हालांकि ओपनर केएल राहुल पहली गेंद पर बिना खाता खोले आउट हो गए। उनका विकेट युवा तेज गेंदबाज नसीम शाह ने झटका। बता दें, पाकिस्तान टीम के तेज गेंदबाज शाहीन अफरीदी चोटिल होने की वजह से इस टूर्नामेंट में नहीं खेल रहे हैं। उनकी कमी पाकिस्तान टीम को जरूर खल रही होगी।

टूर्नामेंट शुरू होने से पहले भारतीय टीम को बड़ा झटका लगा था। जसप्रीत बुमराह को भी चोटिल होने की वजह से इस टूर्नामेंट से बाहर हो गए थे। हालांकि इस मुकाबले में भारतीय गेंदबाजों ने उनकी कमी खलने नहीं दी और जबर्दस्त गेंदबाजी की। इससे पहले इन दोनों टीमों के बीच टी-20 वर्ल्ड कप 2021 में मुकाबला खेला गया था जिसमें पाकिस्तान ने 10 विकेट से जीत दर्ज की थी।

close whatsapp