अगर भारत को बड़े टूर्नामेंट जीतने हैं तो विराट कोहली और रोहित शर्मा को बड़ा स्कोर बनाना होगा: वसीम जाफर
भारत ने पाकिस्तान को एशिया कप 2022 के अपने पहले मुकाबले में 5 विकेट से मात दी।
अद्यतन - अगस्त 29, 2022 2:10 अपराह्न

भारत के पूर्व टेस्ट ओपनर वसीम जाफर ने रोहित शर्मा और विराट कोहली के फॉर्म को लेकर बयान दिया है, साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि अगर भारत को बड़े टूर्नामेंट जीतने हैं तो इन दोनों खिलाड़ियों का बड़ा स्कोर बनाना बेहद जरूरी है। रविवार 28 अगस्त को भारत-पाकिस्तान के बीच खेले गए मुकाबले के बाद वसीम जाफर ने ये बयान दिया।
इस मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान ने 19.5 ओवरों में सभी विकेट खोकर 147 रन बनाए। 148 रन का पीछा करने उतरी भारतीय टीम ने अपनी पारी की दूसरी ही गेंद पर पहला विकेट गंवा दिया। केएल राहुल बिना खाता खोले ही पवेलियन लौट गए। इसके बाद रोहित शर्मा और विराट कोहली के बीच दूसरे विकेट के लिए 49 रन की साझेदारी हुई। रोहित ने 18 गेंदों में 1 छक्के की मदद से 12 रन बनाए और मोहम्मद नवाज की गेंद पर आउट हो गए।
वहीं विराट कोहली ने इस मुकाबले में 34 गेंदों में 35 रन की बेहतरीन पारी खेली। उनका विकेट भी मोहम्मद नवाज ने झटका। वसीम जाफर के मुताबिक भारतीय कप्तान को शुरुआत में ज्यादा गेंदे खेलने को नहीं मिली जिसकी वजह से वो टीम को तेज शुरूआत दिलाने में नाकाम रहे।
रोहित शर्मा को पावरप्ले में ज्यादा गेंदे खेलने को नहीं मिली: वसीम जाफर
वसीम जाफर ने क्रिकट्रैकर के बैटब्रिक्स7 द्वारा प्रस्तुत ‘रन की रननीति’ शो में कहा कि, ‘IPL के बाद रोहित शर्मा ने जो हालिया पारी खेली है वो उन्होंने उसी आक्रमक रवैया से खेला है जैसे वो हमेशा खेलते हैं। अगर आप उसी तरीके से बल्लेबाजी करते हैं तो 70-80 रन बनाना काफी मुश्किल होता है। उन्होंने टीम को शुरुआत तो काफी अच्छी दी है लेकिन बड़ा स्कोर बनाने में नाकाम रहे हैं। ऐसा नहीं है कि उन्होंने बिल्कुल रन नहीं बनाए हैं, हां उन्होंने 30-40 रन की पारी खेली है।’
पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबले में भी उन्हें पावरप्ले में ज्यादा गेंदे खेलने को नहीं मिली। विराट कोहली ने उनसे ज्यादा गेंदे पावरप्ले में खेली। वो पावरप्ले में 5 रन बनाकर खेल रहे थे, जो बहुत हैरानी की बात है। यह दोनों टीम के दिग्गज खिलाड़ी हैं और इनका बड़ा स्कोर बनाना बेहद जरूरी है।
वसीम जाफर ने आगे कहा कि, ‘अगर देखा जाए तो विराट कोहली और केएल राहुल दोनों ही काफी लंबे ब्रेक के बाद टीम में वापसी कर रहे। बदकिस्मती से केएल राहुल अपनी पहली ही गेंद पर आउट हो गए। इस समय भारत के दो टॉप ऑर्डर बल्लेबाजों ने ज्यादा क्रिकेट नहीं खेला है। लेकिन अच्छी बात यह है कि भारत ने अपना पहला मुकाबला जीत लिया।