आकाश चोपड़ा ने स्लो ओवर रेट को लेकर ICC के नए नियम की जमकर सराहना की
स्लो ओवर रेट को लेकर आकाश चोपड़ा ने दिए थे आईसीसी को कुछ सुझाव।
अद्यतन - अगस्त 29, 2022 6:15 अपराह्न

भारत के पूर्व क्रिकेटर आकाश चोपड़ा हमेशा उन टीमों के ऊपर गुस्सा करते हैं जो अपने दिए गए समय में ओवर खत्म नहीं कर पाते हैं। इससे पहले आकाश चोपड़ा ने सुझाव दिया था कि जो टीम अपने दिए गए समय में 20 ओवर खत्म नहीं कर पाती हैं उन्हें एक अतिरिक्त खिलाड़ी को 30 यार्ड घेरे के अंदर रखना चाहिए। इसके बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने स्लो ओवर रेट के नियम में बदलाव किया, जिसका काफी बड़ा असर एशिया कप में भारत बनाम पाकिस्तान मुकाबले में दिखा।
दोनों ही टीमों को 17 ओवर के बाद अपने एक अतिरिक्त खिलाड़ी को 30 यार्ड घेरे के अंदर बुलाना पड़ा क्योंकि दोनों ही टीमें दिए गए समय में अपने ओवर को खत्म करने में असमर्थ रही थी। हालांकि पाकिस्तान टीम को इससे थोड़ा ज्यादा परेशानियों का सामना करना पड़ा और वो यह मुकाबला हार गई।
आखिरी 3 ओवरों में भारत को जीतने के लिए 32 रन चाहिए थे। हार्दिक पांड्या ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 2 गेंद रहते मुकाबले को अपने नाम किया। अब अगर पाकिस्तान दिए गए समय में अपने ओवरों को खत्म कर देती तो 5 फील्डरों को 30 यार्ड घेरे के बाहर खड़े होने की इजाजत मिल जाती और रिजल्ट शायद कुछ और होता। आकाश चोपड़ा का मानना है कि टी-20 क्रिकेट में यह चीज सबसे अच्छी है।
आकाश चोपड़ा ने ट्वीट किया कि, ‘यह नियम टी-20 क्रिकेट में सबसे अच्छा नियम है कि अगर आप दिए गए समय में अपने ओवर खत्म नहीं कर पाते हैं तो आपको घेरे के अंदर एक और अतिरिक्त खिलाड़ी को शामिल करना होगा। आखिरी के ओवरों में बल्लेबाज कड़ा प्रहार करने को देखते हैं और इसी वजह से वो अपना विकेट गंवा बैठते हैं। टीम को ऐसी गलती नहीं करनी चाहिए।’
An extra fielder inside the circle if you don’t finish your overs in the stipulated time is one of the best things to have happened to T20 cricket. One extra fielder derails the bowling plans in the death overs…best way to force the teams to get a move on. #IndvPak #AsiaCup
— Aakash Chopra (@cricketaakash) August 29, 2022
हार्दिक पांड्या 24 कैरेट गोल्ड है: आकाश चोपड़ा
हार्दिक पांड्या ने पहले पाकिस्तान के खिलाफ 4 ओवर में 25 रन देकर 3 विकेट झटके और फिर बल्लेबाजी में 17 गेंदों में 33* रन की आक्रामक पारी खेली। उन्होंने अपनी इस पारी में 4 चौके और 1 छक्का जड़ा। उनके इस प्रदर्शन की वजह से उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच अवार्ड से भी नवाजा गया।
आकाश चोपड़ा ने हार्दिक पांड्या की तारीफ करते हुए कहा कि, ‘फिट हार्दिक पांड्या 24 कैरेट गोल्ड है। भारत के लिए टी-20 प्रारूप में उनका खेलना बेहद जरूरी है।’