पाकिस्तान दौरे के लिए इंग्लैंड टीम की हुई घोषणा, कई अहम खिलाड़ियों के नाम दिखे नदारद
दोनों टीमों के बीच 20 सितंबर से 2 अक्टूबर तक 7 टी-20 मुकाबले खेले जाएंगे। चार टी-20 मुकाबले कराची में खेले जाएंगे जबकि आखिरी के तीन मुकाबले लाहौर में आयोजित होंगे।
अद्यतन - सितम्बर 2, 2022 5:35 अपराह्न

20 सितंबर से शुरू होने वाली पाकिस्तान बनाम इंग्लैंड के बीच सात मुकाबलों की टी-20 सीरीज के लिए इंग्लैंड की 19 सदस्यीय टीम की घोषणा हो चुकी है। टीम का कप्तान जोस बटलर को नियुक्त किया गया है जबकि उप-कप्तानी का जिम्मा मोईन अली को मिला है।
टीम में धाकड़ बल्लेबाज जेसन रॉय को जगह नहीं मिली है जबकि लियाम डॉसन की टीम में वापसी हुई है। बता दें, इन दोनों टीमों के बीच 20 सितंबर से 2 अक्टूबर तक 7 टी-20 मुकाबले खेले जाएंगे। चार टी-20 मुकाबले कराची में खेले जाएंगे जबकि आखिरी के तीन मुकाबले लाहौर में आयोजित होंगे। इंग्लैंड टीम पाकिस्तान के लिए 14 सितंबर को रवाना होगी।
टीम मैनेजमेंट ने बेन स्टोक्स और जॉनी बेयरस्टो जैसे आक्रमक खिलाड़ियों को इस सीरीज में आराम दिया है जबकि क्रिस जॉर्डन और लियाम लिविंगस्टोन चोटिल होने की वजह से टीम में शामिल नहीं किए गए हैं।
ईसीबी ने अपनी आधिकारिक रिलीज़ में कहा कि ‘क्रिस जॉर्डन (उंगली) और लियाम लिविंगस्टोन (टखने) की चोट के चलते रीहैब में अभी समय बितायेंगे और विश्व कप से पहले पाकिस्तान का दौरा नहीं करेंगे। अगर वो वर्ल्ड कप से पहले ठीक हो जाते हैं तो उन्हें इस बड़े टूर्नामेंट में खेलते हुए देखा जा सकता है। बता दें, इन दोनों ही खिलाड़ियों को टी-20 वर्ल्ड कप स्क्वाड में शामिल किया गया है।’
‘पिंडली में लगी चोट से उबरने वाले इंग्लैंड के कप्तान जोस बटलर पाकिस्तान का दौरा करेंगे, लेकिन उनको इस टी-20 सीरीज के आखिरी के मुकाबलों में खेलते हुए देखा जाएगा। जोस बटलर की गैरमौजूदगी में मोईन अली टीम की कप्तानी करेंगे।’
ये रही इंग्लैंड टीम जो पाकिस्तान के खिलाफ टी-20 सीरीज खेलेगी:
जोस बटलर (कप्तान), मोइन अली (उप-कप्तान), हैरी ब्रुक, जॉर्डन कॉक्स, सैम करन, बेन डकेट, लियाम डॉसन, रिचर्ड ग्लीसन, टॉम हेल्म, विल जैक्स, डेविड मालन, आदिल राशिद, फिल साल्ट, ओली स्टोन, रीस टॉप्ले , डेविड विली, क्रिस वोक्स, ल्यूक वुड, मार्क वुड।
ये रहा शेड्यूल:
पहला टी-20 मुकाबला: 20 सितंबर, नेशनल स्टेडियम, कराची
दूसरा टी-20 मुकाबला: 22 सितंबर, नेशनल स्टेडियम, कराची
तीसरा टी-20 मुकाबला: 23 सितंबर, नेशनल स्टेडियम, कराची
चौथा टी-20 मुकाबला: 25 सितंबर, नेशनल स्टेडियम, कराची
पांचवा टी-20 मुकाबला: 28 सितंबर, गद्दाफी स्टेडियम, लाहौर
छठा टी-20 मुकाबला: 30 सितंबर, गद्दाफी स्टेडियम, लाहौर
सांतवा टी-20 मुकाबला: 2 अक्टूबर, गद्दाफी स्टेडियम, लाहौर